सिर्फ चिट्ठियां नहीं, नोट छाप रहा इंडिया पोस्ट! पहली बार 4,000 करोड़ से अधिक हुई कमाई, गदगद हुए सिंधिया

Jyotiraditya Scindia Postal Business Review: ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डाक विभाग की समीक्षा बैठक में पहली तिमाही में रिकॉर्ड 4,008.95 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक कारोबार दर्ज होने पर बधाई दी।
Jyotiraditya Scindia Postal Business Review meeting
ज्योतिरादित्य सिंधिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

India Post Record Revenue Q1 2026: केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज मंगलवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में डाक विभाग की तिमाही व्यवसाय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में डाक निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों तथा देश के सभी 23 डाक परिमंडलों के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल (CPMGs) ने भाग लिया। बैठक में वित्त वर्ष 202-27 की पहली तिमाही के प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी तिमाहियों के लिए विभाग की रणनीतिक कार्ययोजना पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने विभाग को पहली तिमाही में अब तक का सर्वाधिक 4,008.95 करोड़ रुपए का कारोबार हासिल करने पर बधाई दी। सिंधिया ने कहा कि यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 22.2 प्रतिशत की शानदार वृद्धि है और इंडिया पोस्ट के इतिहास में पहली बार पहली तिमाही का कारोबार 4,000 करोड़ रुपए के पार पहुंचा है। उन्होंने इसे डाक विभाग के आधुनिक, नागरिक-केंद्रित संगठन के रूप में परिवर्तन का ऐतिहासिक पड़ाव बताया।

भविष्य के लिए संगठन तैयार कर रहा इंडिया पोस्ट

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इंडिया पोस्ट के भविष्य उन्मुख संगठन के रूप में हो रहे परिवर्तन का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह सफलता देशभर के डाक कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण और नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बैठक के दौरान विभाग के छह प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए सभी क्षेत्रों में दर्ज मजबूत प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने बताया कि पार्सल सेवाओं में 49.9 प्रतिशत, मेल सेवाओं में 41.9 प्रतिशत, अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय में 34.3 प्रतिशत, और नागरिक-केंद्रित सेवाओं में 85.7 प्रतिशत की प्रभावशाली बढोतरी दर्ज की गई।

लाइफ इंश्योरेंस के क्षेत्र में भी शानदार प्रदर्शन

सिंधिया ने आगे कहा कि विभाग ने पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा के क्षेत्र में भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 20.1 प्रतिशत तथा पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक में 9.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। सिंधिया ने कहा कि यह प्रदर्शन इंडिया पोस्ट के विविध व्यवसायिक पोर्टफोलियो की बढ़ती मजबूती और देशभर में सुलभ, विश्वसनीय एवं नागरिक-केंद्रित सेवाएं उपलब्ध कराने की क्षमता को दर्शाता है।

आगामी तिमाहियों के लिए प्राथमिकताएं तय

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने आगामी तिमाहियों के लिए विभाग की तीन प्रमुख रणनीतिक प्राथमिकताओं की घोषणा की। इनमें लॉजिस्टिक्स एवं अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय को सशक्त बनाना, एमएसएमई, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP), पर्यटन और कृषि क्षेत्रों के माध्यम से नए व्यवसायिक अवसरों का विस्तार करना, तथा नागरिक-केंद्रित सेवाओं, वित्तीय समावेशन, बीमा एवं ग्रामीण लॉजिस्टिक्स को और मजबूत बनाना शामिल हैं। इन लक्ष्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उन्होंने देश के 23 डाक परिमंडलों को तीन क्लस्टरों में विभाजित कर प्रत्येक क्लस्टर को एक-एक रणनीतिक क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपने का प्रस्ताव रखा, ताकि सहयोग, नवाचार और श्रेष्ठ अनुभवों के आदान-प्रदान के माध्यम से बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें।

डाक सेवा, जन सेवा इंडिया पोस्ट का मूल मंत्र

इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि स्पष्ट रणनीति, समन्वित प्रयास और डाक परिवार के समर्पण के बल पर इंडिया पोस्ट आने वाले समय में और भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि डाक सेवा, जन सेवा का मूल मंत्र इंडिया पोस्ट के प्रत्येक प्रयास का मार्गदर्शन करता रहेगा।

सिंधिया ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही का यह रिकॉर्ड प्रदर्शन केवल वित्तीय उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह करोड़ों नागरिकों के इंडिया पोस्ट पर अटूट विश्वास का प्रतीक है। हमारा लक्ष्य इंडिया पोस्ट को विश्वस्तरीय, तकनीक-संचालित और नागरिक-प्रथम संगठन के रूप में स्थापित करना है।

Navbharat Live
navbharatlive.com