चीन की नींद हराम, भारत-फिलीपींस के बीच, वीजा फ्री और रक्षा...इन 9 चीजों पर बनी सहमति

PM Modi और फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर की ऐतिहासिक मुलाकात में रणनीतिक साझेदारी की घोषणा हुई और व्यापार, रक्षा, तकनीक व संस्कृति से जुड़े नौ समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
चीन की नींद हराम, भारत-फिलीपींस के बीच, वीजा फ्री और रक्षा...इन 9 चीजों पर बनी सहमति
फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस के साथ पीएम मोदी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

India-Philippines Relations: फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनांड आर. मार्कोस जूनियर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मंगलवार को नई दिल्ली में एतिहासिक मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया। साथ ही व्यापार, रक्षा, डिजिटल तकनीक और सांस्कृतिक क्षेत्रों से जुड़े नौ महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

पीएम मोदी ने इस दौरान खुशी जताते हुए कहा कि, भले ही भारत और फिलीपींस के औपचारिक संबंध 75 वर्षों पुराने हों, लेकिन दोनों देशों की सभ्यताओं के बीच संपर्क सदियों पुराना है। उन्होंने उल्लेख किया कि फिलीपींस की रामायण ‘महाराडिया लवाना’ इसका एक महत्वपूर्ण प्रमाण है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि हाल ही में जारी किए गए डाक टिकटों में दोनों देशों के राष्ट्रीय पुष्पों को दर्शाकर इस सांस्कृतिक मित्रता को और अधिक सशक्त किया गया है।

भारत हमारा महत्वपूर्ण साझेदार

फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस ने कहा कि भारत, फिलीपींस की रक्षा आधुनिकीकरण प्रक्रिया में एक प्रमुख साझेदार है, और दोनों देश इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को स्वतंत्र और समावेशी बनाए रखने के लिए सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने बताया, "हमने रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने पर सहमति जताई है। हमारी सेनाओं के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लेकर सेवा-से-सेवा संवाद तंत्र स्थापित करने पर भी सहमति बनी है।" उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देश नौसेना और तटरक्षक बल के बीच सहयोग को बढ़ाएंगे, जिसमें बंदरगाहों का दौरा और समुद्री क्षमताओं के निर्माण जैसे प्रयासों को गति दी जाएगी।

दोनों के बीच नौ अहम समझौते

मार्कोस ने कहा कि, भारत और फिलीपींस ने आज द्विपक्षीय वरीयता व्यापार समझौते को जल्द ही पूरा करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि, हमारे नवाचारशील और तेजी से बढ़ते निजी एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, इनोवेशन, कौशल विकास और रोजगार पैदा करने में अहम भूमिका निभाएंगे। भारत और फिलीपींस के बीच इन समझौतों से चीन में हलचल तेज हो गई है।

उन्होंने इस दौरान 2024 में हूती विद्रोहियों के हमले के बाद भारतीय नौसेना द्वारा फिलीपींस नागरिकों को बचाए जाने पर आभार जताया। साथ ही 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की भी कड़ी निंदा करते हुए भारत के साथ एकजुटता प्रकट की। उन्होंने कहा, हम भारत के साथ आतंकवाद के खिलाफ व्यापक लड़ाई में साझेदार हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत के ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में बढ़ते कदमों के लिए भी मैं बधाई देता हूं।

Navbharat Live
navbharatlive.com