Weather Update: 18 जुलाई को मौसम का बड़ा अलर्ट! इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, IMD ने जारी की चेतावनी

Weather Update Today: IMD के अनुसार 18 जुलाई को देश के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। पंजाब में फिलहाल उमस रहेगी, जबकि 19 जुलाई से मॉनसून फिर सक्रिय हो सकता है।
weather update today
सांकेतिक तस्वीर (Image- IANS)
Published on
Updated on

Weather Update 18 July: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 18 जुलाई को देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा। उत्तर, मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।

उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई जगह भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

मध्य और पूर्वी भारत में भारी बारिश की चेतावनी

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इन राज्यों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी वर्षा की समभावना है। निचले क्षेत्रों में जलभराव की भी आशंका जताई गई है। आईएमडी ने लगातार बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि नदियों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ सकता है।

गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत का हाल

पश्चिम और दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। गोवा, गुजरात के कई हिस्से, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी बरसेंगे बादल

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी वर्षा का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और तेज बहाव वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

पंजाब में कमजोर पड़ा मॉनसून

पंजाब और चंडीगढ़ में फिलहाल मॉनसून कमजोर पड़ने से गर्मी और उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग ने फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बठिंडा में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा।

19 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मॉनसून

आईएमडी के अनुसार 19 जुलाई से मॉनसून दोबारा रफ्तार पकड़ सकता है। 20 से 22 जुलाई के बीच पंजाब सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में अच्छी बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय मौसम चेतावनियों पर लगातार नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com