

IMD Weather Update: दिल्ली-यूपी समेत देश के कई राज्यों में मौसम बदलता दिखाई दे रहा है। इससे तापमान में कमी आई है और गर्मी से राहत मिली है। उत्तराखंड में आईएमडी ने मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और मुंबई और इसके आस पास के हिस्सों में मौसम का मिजाज नर्म पड़ने जा रहा है। हाल में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना बनी है। बात करें दिल्ली-एनसीआर की तो यहां मौसम बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। अगले 24 घंटों में यहां बारिश की संभावना जताई गई है। आज यहां पारा भी 37 डिग्री के आस-पास रहने की उम्मीद जताई गई है। यहां आज और कल आंधी और बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं चलने की उम्मीद जताई जा रही है। कई जिलों में आंधी आने की संभावना जताई गई है। बारिश और बूंदीबांदी के बाद प्रदेश में राहत महसूस की जा सकती है। पंजाब और हरियाणा में भी मौसम में बदलाव दिखाई दे रहा है। यहां भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। बात करें राजस्थान और एमपी की तो दोनों राज्यों के कुछ जिलों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है।
इसके साथ ही बिहार में भी मौसम बदलने की उम्मीद जताई जा रही है। यहां के कई जिलों में दोपहर के बाद बारिश की संभावना बनती दिखाई दे रही है। इससे मौसम में कुछ हद तक बदलाव की उम्मीद है। एमपी के भोपाल, बैरागढ़, ग्वालियर, दतिया, रतनगढ़ और सिहोर के साथ कई अन्य जिलों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडू और आंध्र प्रदेश में प्री-मॉनसून गतिविधियां देखने को मिल रही है। यहां अनेक जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है। यहां लगातार सात दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।