दिल्ली के शहादरा में बड़ा हादसा, घर में लगा AC फटा, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

Shahdara Fire Incident: दिल्ली के शहादरा इलाके में आज सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। एसी फटने से घर में आग लग गई। इस हादसे में 9 लोगों के जान जाने की खबर सामने आ रही है।
delhin fire incident
दिल्ली के इसी मकान में लगी थी आग, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Delhi Fire News: दिल्ली के शहादरा इलाके के एक घर में एसी फट जाने से आग लग गई। इस आग में झुलसकर 9 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को करीब 4 बजे मिली। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था।

दिल्ली के विवेक विहार इलाके में AC फट जाने से भयावह आग लग गई। चार मंजिला इमारम में आग के तांडव ने लोगों की जिंदगियां खत्म हो गईं। गर्मी में राहत देने वाले एसी ने पूरे इलाके में दहशत मचा दी। आग लगने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर टेंडर की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। हादसे में नौ लोगों की जान चली गई।

घटना पर शहादरा डीसीपी का बयान

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे सूचना मिलते ही दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया। अन्य पीड़ितों की तलाश के लिए तलाशी अभियान अभी भी जारी है। मीना ने कहा, "विवेक विहार स्थित एक चार मंजिला इमारत के एक घर में आग लग गई, जिसमें दूसरी मंजिल पर हताहत हुए। अब तक 3-4 शव बरामद किए जा चुके हैं और बाकी शवों की तलाश जारी है। हम अभी भी खोजबीन कर रहे हैं। तलाशी पूरी होने पर हम आपको सूचित कर देंगे।" मीना ने आगे बताया, "सुबह तड़के हमें आग लगने की सूचना मिली। दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया। यहां से 3-4 शव बरामद किए गए हैं। हम अभी भी खोजबीन कर रहे हैं। हमें सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी।" आपको बता दें कि आग ने पहली मंजिल को छोड़कर बाकी सभी मंजिलों को चपेट में ले लिया था। बताया जा रहा है कि 10 से 15 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। उनको भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शव पहचानना भी मुश्किल

इलाके के नगर पार्षद पंकज लूथरा ने बताया कि सूचना मिलते ही वो मौके पर पहुंचे। ऊपर जाकर देखने पर उन्होंने पाया कि दूसरे फ्लोर पर 6 शव और सबसे ऊपर सीढ़ियों पर तीन शव दिखाई दिए। लूथरा की मानें तो शवों की पहचान करना भी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि शव का हाल ऐसा है कि बिना डीएनए किए शवों की शिनाख्त भी नहीं हो पाएगी।

खबर अपडेट हो रही है

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com