इश्क बना 'जहर'! शादी से मना किया तो सनकी प्रेमी ने युवती को दिया जिंदगी भर का दर्द, लगा दिया HIV इंजेक्शन

Hyderabad HIV Attack:  हैदराबाद में एक सिरफिरे युवक ने शादी से इनकार करने पर अपनी मंगेतर को एचआईवी  का इंजेक्शन लगा दिया। आरोपी खुद संक्रमित था और उसने बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।
hyderabad crime news
फोटो- AI
Published on
Updated on

हैदराबाद के पोचारम इलाके से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। युवती ने शादी से इंकार किया तो सरफिरे युवक ने उसे जिंदगी भर का दर्द दे दिया।

पोचारम की लड़की ने जिस युवक के साथ कभी जीवन बिताने के सपने देखे थे, वही उसकी तबाही का सबसे बड़ा कारण बन बैठा। प्यार जब सनक में बदल जाए, तो वह कितना हिंसक और आत्मघाती हो सकता है, यह इस घटना से साफ जाहिर होता है।

सगाई के बाद खुली युवक की पोल

इस खौफनाक कहानी की शुरुआत कुछ समय पहले हुई थी, जब पोचारम पुलिस थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती की सगाई एक युवक से तय हुई थी। घर में खुशियों का माहौल था और दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। लेकिन इसी बीच एक ऐसी कड़वी सच्चाई सामने आई जिसने सबके पैरों तले जमीन खिसका दी। युवती और उसके परिवार को पता चला कि जिस युवक से रिश्ता जुड़ा है, वह पहले से ही एचआईवी (HIV) संक्रमित है। अपनी सेहत, भविष्य और जीवन को प्राथमिकता देते हुए, युवती ने हिम्मत दिखाई और इस शादी से इनकार कर दिया। उसने तुरंत यह रिश्ता तोड़ लिया ताकि वह एक सुरक्षित जीवन जी सके। उसे लगा था कि सच्चाई सामने आने के बाद सब कुछ सामान्य हो जाएगा, लेकिन उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि युवक के मन में प्रतिशोध की आग सुलग रही है।

घर में घुसकर युवक ने दिया वारदात को अंजाम

रिश्ता टूटने के बाद भी आरोपी युवक शांत नहीं बैठा और वह लगातार युवती पर शादी का दबाव बनाता रहा। वह उसे आए दिन परेशान करने लगा, लेकिन युवती अपने फैसले पर अडिग थी। बीती 11 तारीख को इस सनक ने सारी हदें पार कर दीं। युवक एक बार फिर युवती के घर पहुंचा और उस पर शादी करने का भारी दबाव बनाने लगा। जब युवती ने एक बार फिर दृढ़ता से मना कर दिया, तो आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखा हुआ एचआईवी संक्रमित इंजेक्शन निकाला और अचानक युवती के शरीर में उतार दिया। इसके बाद आरोपी वहां से तुरंत फरार हो गया, जिससे घर में हड़कंप मच गया।

फिल्म की तरह रचा खौफनाक खेल

युवती की चीख-पुकार सुनकर परिवार वाले मौके पर पहुंचे और स्थिति को समझते ही उनके होश उड़ गए। परिवार बिना समय गंवाए पीड़िता को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्रारंभिक इलाज और जरूरी मेडिकल प्रक्रियाएं शुरू कीं। परिवार ने इस पूरी घटना की शिकायत हैदराबाद पुलिस को दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com