Holi Special Train 2026: होली पर घर जाने वालों की बल्ले-बल्ले, रेलवे ने चलाईं ढरों स्पेशल ट्रेनें; देखें लिस्ट

Holi Special Trains: होली पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने मुंबई, गुजरात और राजस्थान से बिहार के लिए 18 विशेष ट्रेनों का ऐलान किया है। इससे लंबी वेटिंग और कंफर्म टिकट की समस्या दूर हो सकेगी। 
holi special train list
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Indian Railways Special Trains List: होली का त्योहार नजदीक आते ही ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट प्रवासियों के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है। इसी को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए राहत का पिटारा खोलते हुए 18 होली स्पेशल ट्रेनों (9 जोड़ी) के संचालन की घोषणा की है।

महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात समेत कई राज्यों से यूपी-बिहार समेत देश के अन्य राज्यों में जाने का सफर कुछ हद तक आसान होने वाला है। मुंबई और पुणे जैसे औद्योगिक शहरों में रहने वाले बिहार के लाखों प्रवासियों के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। देश के बड़े राज्यों से चलने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ाई गई है। इससे होली पर घर जाने वाले लोगों को सहूलियत होगी।

महाराष्ट्र के लिए खास व्यवस्था

पुणे से दानापुर के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। गाड़ी संख्या 01481/01482 पुणे-दानापुर साप्ताहिक स्पेशल 23 फरवरी से 6 मार्च तक चलेगी, जबकि गाड़ी संख्या 01449/01450 पुणे-दानापुर स्पेशल 21 फरवरी से 8 मार्च तक प्रतिदिन संचालित होगी। ये ट्रेनें जबलपुर, प्रयागराज छिवकी और डीडीयू के रास्ते गुजरेंगी। इसके अलावा, लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से दानापुर के लिए गाड़ी संख्या 01143/01144 भी 21 फरवरी से प्रतिदिन चलाई जाएगी, जिससे मुंबई में कार्यरत कामगारों को सीधे घर पहुंचने में मदद मिलेगी।

गुजरात और राजस्थान के प्रवासियों को बड़ी सौगात

गुजरात और राजस्थान में काम करने वाले बिहारवासियों के लिए भी रेलवे ने सीधी कनेक्टिविटी प्रदान की है। अहमदाबाद से पटना (09447/09448) और अहमदाबाद से दरभंगा (09465/09466) के बीच चलने वाली विशेष ट्रेनों का परिचालन मार्च के अंत तक जारी रहेगा। ये ट्रेनें सूरत, कोटा और आगरा फोर्ट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी। वहीं, राजस्थान के श्रीगंगानगर से समस्तीपुर (04731/04732) के बीच 1 मार्च से 31 मार्च तक विशेष ट्रेन चलेगी, जो मुरादाबाद, गोरखपुर और हाजीपुर के रास्ते बिहार पहुंचेगी। गुजरात के उधना से हसनपुर रोड के लिए भी गाड़ी संख्या 09031/09032 का ऐलान किया गया है, जो डीडीयू और पाटलिपुत्र होकर गुजरेगी।

दक्षिण और पूर्वी भारत से बढ़ी कनेक्टिविटी

रेलवे ने न केवल पश्चिम, बल्कि दक्षिण और पूर्वी भारत से भी बिहार के लिए ट्रेनों का जाल बिछाया है। तेलंगाना के चर्लपल्ली से रक्सौल (07005/07006) के बीच विशेष ट्रेन चलेगी, जो रांची, धनबाद और समस्तीपुर होकर गुजरेगी। ओडिशा के पुरी से पटना (08439/08440) के बीच भी साप्ताहिक ट्रेन का संचालन होगा। इसके अलावा, सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लिए सहरसा-LTT (05585/05586) और रक्सौल-LTT (05557/05558) के बीच विशेष सेवाएं दी गई हैं। इन ट्रेनों के चलने से मिथिलांचल और कोसी बेल्ट के उन हजारों यात्रियों को लाभ होगा जिन्हें सामान्य दिनों में टिकट मिलना नामुमकिन होता है।

दिल्ली और बंगाल रूट पर भी विशेष नजर

देश की राजधानी दिल्ली और पश्चिम बंगाल से आने वाले यात्रियों के लिए भी कई विकल्प दिए गए हैं। आनंद विहार से दानकुनी (03009/03010) और मालदा टाउन से आनंद विहार (03435/03436) के बीच विशेष ट्रेनें नवादा और गया के रास्ते चलेंगी। वहीं, सियालदह और आसनसोल से गोरखपुर के लिए भी कई जोड़ी ट्रेनें (03131/32 और 03525/28) चलाई जा रही हैं, जो बिहार के किउल, बरौनी और हाजीपुर स्टेशनों को कवर करेंगी।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, इन ट्रेनों के परिचालन से दानापुर, समस्तीपुर और पटना जैसे स्टेशनों पर उमड़ने वाली अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप के जरिए समय-सारणी और आरक्षण की स्थिति की जांच कर जल्द टिकट बुक करें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com