Holi-Ramzan Controversy: अनिल विज की मुस्लिमों को दो टूक, कहा- हिंदुओं का देश है बर्दाश्त करें, योगी के मंत्री बोले- भारत छोड़ दें

अनिल विज ने कहा, 'आप हिंदुस्तान में रह रहे हैं। हिंदुस्तान, अगर हम इसे तोड़ दें तो यह हिंदुओं का स्थान है। अगर आप हिंदुओं के स्थान पर रह रहे हैं तो हिंदू अपना त्योहार धूमधाम से मनाएंगे।
Holi-Ramzan Controversy: अनिल विज की मुस्लिमों को दो टूक, कहा- हिंदुओं का देश है बर्दाश्त करें, योगी के मंत्री बोले- भारत छोड़ दें
अनिल विज व संजय निषाद (डिजाइन)
Updated on

नई दिल्ली: हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने होली को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर आप हिंदुस्तान में रह रहे हैं तो यह हिंदुओं का देश है और हिंदू अपना त्योहार धूमधाम से मनाएंगे। अगर कोई रंग आप पर पड़ जाए तो आपको सहने की ताकत रखनी चाहिए...मैं होली नहीं खेलता, इसलिए घर पर ही रहता हूं। बता दें, अनिल विज का यह बयान ऐसे समय में आया है जब संभल के सीओ अनुज चौधरी का बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।

एएनआई से बात करते हुए अनिल विज ने कहा, 'आप हिंदुस्तान में रह रहे हैं। हिंदुस्तान, अगर हम इसे तोड़ दें तो यह हिंदुओं का स्थान है। अगर आप हिंदुओं के स्थान पर रह रहे हैं तो हिंदू अपना त्योहार धूमधाम से मनाएंगे। अगर इसका कोई छींटा आप पर पड़ जाए तो आपको सहने की ताकत रखनी चाहिए, सहने की क्षमता भी रखनी चाहिए।'

और क्या कुछ बोले अनिल विज?

विज ने आगे उदाहरण देते हुए कहा कि अभी बाहर बारिश हो रही है। जो लोग भीगना नहीं चाहते, वे घर पर ही बैठें। विज ने कहा कि मैं होली नहीं खेलता, इसलिए घर पर ही रहता हूं। और अगर मैं बाहर जाता हूं तो थोड़े कपड़े गीले हो जाते हैं। बर्दाश्त करना पड़ता है।

मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि होली हमारी संस्कृति का बहुत ही पवित्र त्योहार है। ये सिर्फ एक धर्म, एक समाज तक सीमित नहीं है, ये देश की परंपरा रही है। होली एक संस्कृति भी है और मतभेद मिटाने की एक अच्छी पहल भी है।।।अगर आपको कोई परेशानी है तो घर से बाहर न निकलें।।।सभी को उत्साह के साथ होली खेलनी चाहिए।

देश छोड़कर कहीं और चले जाएं: संजय निषाद

वहीं, इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने भी होली को लेकर बड़ा बयान दिया था। बुधवार को यूपी के फतेहपुर में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि जिन्हें होली से परेशानी है वो देश छोड़कर कहीं और चले जाएं। उन्होंने कहा कि होली आपसी सौहार्द और भाईचारे का त्योहार है। इसमें किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए और अगर किसी को परेशानी है तो वो इस देश को छोड़कर बाहर जा सकता है।

संजय निषाद ने कहा कि सभी को भारत की सनातनी संस्कृति का पालन करना होगा। इससे किसी को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। संजय निषाद ने होली को लेकर प्रदेश में मचे सियासी घमासान पर अपनी पार्टी का रुख साफ करते हुए कहा कि वह संभल के सीओ अनुज चौधरी के बयान का समर्थन करते हैं। जिसमें उन्होंने कहा था कि शुक्रवार साल में 52 बार आता है और होली एक बार आती है।

संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि इन सभी ने मिलकर चुनाव लड़ा है। एक बार लड़े तो आधे रास्ते पर थे। इस बार लड़े तो पूरी तरह से साफ हो जाएंगे। संजय निषाद ने विपक्षी दलों से भाजपा में आए नेताओं पर भी निशाना साधा और कहा कि ऐसे लोग मलाई चाट रहे हैं और सरकार के सलाहकार बनकर उसे बदनाम कर रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com