हरियाणा में ED का बड़ा एक्शन, अवैध खनन मामले में कांग्रेस MLA सुरेंद्र पंवार अरेस्ट

हरियाणा में ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, ED ने अवैध खनन के मामले में यह कार्रवाई की है। ED ने हरियाणा में कुछ दिन पहले ही इनेलो नेता दिलबाग सिंह के खिलाफ कार्रवाई की थी।
ED, Surendra Panwar
(डिज़ाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: हरियाणा में आज प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार को गिरफ्तार कर लिया. सूत्रों के अनुसार, ED ने पंवार को अवैध खनन के मामले में यह कार्रवाई की है. कहा जा रहा है कि ED की टीम उन्हें अंबाला ऑफिस के लिए लेकर निकली है.

जानकारी दें कि ED ने बीते जनवरी में 55 वर्षीय विधायक के परिसरों पर छापेमारी की थी। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में यमुनानगर से इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और उनके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया था। वहां से ED को कई अहम सबूत भी मिले थे. इसके बाद अब विधायक सुरेंद्र पंवार को अरेस्ट किया गया है.

दरअसल ED ने हरियाणा में कुछ दिन पहले ही खनन के मामले में ही इनेलो नेता दिलबाग सिंह के खिलाफ कार्रवाई की थी। दिलबाग से जुड़े मामले में ही अब सुरेंद्र पंवार की गिरफ्तारी हुई है।हालांकि इनेलो नेता दिलबाग सिंह को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। दिलबाग सिंह हरियाणा के यमुनानगर से पूर्व विधायक हैं। दिलबाग सिंह इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के समधी भी हैं।

जानकारी दें कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बाद भी यमुनानगर और इसके आसपास के जिलों में पत्थर, बजरी और रेत के कथित अवैध खनन को लेकर हरियाणा पुलिस की ओर से कई FIR दर्ज की गई थीं। धन शोधन का यह मामला भी इसी से संबंधित है। केंद्रीय एजेंसी ‘ई-रवाना' योजना में कथित धोखाधड़ी की भी जांच कर रही है। ‘ई-रवाना' एक ऑनलाइन पोर्टल है, जिसे हरियाणा सरकार ने रॉयल्टी और कर संग्रह को आसान बनाने तथा खनन क्षेत्रों में कर चोरी को रोकने के लिए 2020 में शुरू किया था।

बता दें कि सुरेंद्र पंवार ने साल 2019 के विधानसभा चुनावों में उस वक्त पर कैबिनेट मंत्री रही कविता जैन को हराकर चुनाव जीता था। सुरेंद्र पंवार ने तब 32,878 वोटों से कविता जैन को शिकस्त दी थी। कविता जैन को हराने के बाद सुरेंद्र पंवार काफी चर्चा में भी आए थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com