पूर्व PM नरसिम्हा राव को ‘भारत रत्न' देने पर बेटी ने जताई खुशी, पीएम मोदी को लेकर कही ये बात

Rao's daughter praised the PM Modi Bharat Ratna'
Published on
Updated on

हैदराबाद: पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव  (Narasimha Rao) की बेटी एवं भारत राष्ट्र समिति (BRS) से विधानपरिषद सदस्य वाणी देवी (Vani Devi) ने दलगत भावना से ऊपर उठकर कांग्रेस के दिवंगत नेता को ‘भारत रत्न' से सम्मानित करने के लिए शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Modi) की सराहना की। उन्होंने कहा कि हालांकि इसमें कुछ देर हुई, लेकिन ठीक है क्योंकि यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। वाणी ने कहा कि नरसिम्हा राव पूरे राष्ट्र के हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हर कोई खुश है। वह केवल तेलुगू माटी के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के सपूत हैं।'' उन्होंने कहा कि नरसिम्हा राव उस वक्त प्रधानमंत्री बने थे जब देश मुश्किल समय का सामना कर रहा था।  वाणी ने कहा कि उन्होंने (राव ने) सुधारों को लागू किया जिसकी पूरे विश्व ने सराहना की। उन्होंने कहा कि राव ने प्रधानमंत्री रहने के दौरान सुधारों की पहल की और अर्थव्यवस्था से लेकर विदेश मामलों जैसे क्षेत्रों में समस्याओं का स्थायी समाधान तलाशा।

उन्होंने कहा, ‘‘दलगत भावना से ऊपर उठकर राव के योगदान को मान्यता देना और भारत रत्न प्रदान करना हमारे प्रधानमंत्री (मोदी) के अच्छे मूल्यों, संस्कार को दर्शाता है।'' उन्होंने हालांकि कहा कि यह सम्मान और पहले दिया जा सकता था। वाणी ने कहा, ‘‘भारत रत्न सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। हालांकि, इसमें कुछ देर हुई, लेकिन ठीक है। तेलंगाना के लोग नरसिम्हा राव को भारत रत्न दिये जाने से बहुत खुश हैं। परिवार के सदस्य अभिभूत हैं।''

उन्होंने इस बात की भी सराहना की कि पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) नीत तेलंगाना की पूर्ववर्ती सरकार ने नरसिम्हा राव की जन्म शताब्दी को व्यापक स्तर पर मनाया था। वाणी ने कहा कि नरसिम्हा राव किसी दक्षिणी राज्य से प्रधानमंत्री बनने वाले पहले नेता थे। उन्होंने कहा कि उन्हें महाराष्ट्र और ओडिशा से फोन आ रहे हैं क्योंकि वह उन राज्यों से सांसद चुने गए थे। उन्होंने कहा कि उन्हें दिल्ली से भी फोन आ रहे हैं। नरसिम्हा राव महाराष्ट्र के रामटेक और ओडिशा के बरहमपुर तथा अविभाजित आंध्र प्रदेश के नंदयाल एवं हनुमाकोंडा से लोकसभा के लिए चुने गए थे। 

(एजेंसी)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com