EPFO पेंशनधारकों को बड़ी राहत, अब घर बैठे जमा होगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, जानें क्या है अंतिम तारीख

EPFO Pension Life Certificate 2026: EPFO पेंशनधारक अब घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की सुविधा से बुजुर्गों को बैंक या कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी।
EPFO Pensioners Digital Life Certificate
EPFO पेंशनधारकों 30 नवंबर से पहले जमा करना होगा जीवन प्रमाण पत्र(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • EPFO पेंशनधारक IPPB के जरिए घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।

  • डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक प्रक्रिया में सहायता करेगा।

  • सुविधा के लिए टोल-फ्री नंबर 033-22029000 पर संपर्क करें।

  • स्मार्टफोन से फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए भी प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।

EPFO Pensioners Digital Life Certificate: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से पेंशन प्राप्त करने वाले बुजुर्गों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक शाखा या ईपीएफओ कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। बल्कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) की मदद से पेंशनधारक घर बैठे अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे। इसके तहत डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक पेंशनधारक के घर पहुंचकर पूरी प्रक्रिया में सहायता करेगा। 

इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन बुजुर्ग पेंशनधारकों को सहूलियत देना है, जिन्हें चलने-फिरने में परेशानी होती है या जो डिजिटल प्रक्रिया पूरी करने के लिए जरूरी संसाधनों का इस्तेमाल नहीं कर पाते। EPFO के मुताबिक, यह सुविधा कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के ऐसे पेंशनधारकों के लिए उपयोगी है, जिन्होंने अभी तक अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं किया है या जिनके प्रमाण पत्र की वैधता समाप्त होने वाली है। प्रमाण पत्र सफलतापूर्वक जमा होने और सत्यापन पूरा होने पर सेवा का खर्च ईपीएफओ की ओर से वहन किया जाता है।

टोल-फ्री नंबर पर सकते हैं संपर्क

घर पर यह सुविधा प्राप्त करने के लिए पेंशनधारक आईपीपीबी के टोल-फ्री नंबर 033-22029000 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके बाद घर पर डाकिया बुलाने का अनुरोध किया जा सकता है। ईपीएफओ ने पेंशनधारकों को यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आईपीपीबी के साथ व्यवस्था की है।

EPFO Pensioners Digital Life Certificate
No-Cost EMI: क्या सच में फ्री होती है नो-कॉस्ट ईएमआई? खरीदारी से पहले जान लें ये कड़वा सच

फोन से भी बन सकता डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र

पेंशनधारकों के पास डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने का एक और विकल्प है। वे स्मार्टफोन के जरिए आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा का उपयोग कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में चेहरे की पहचान के माध्यम से पेंशनधारक का सत्यापन किया जाता है, जिससे प्रमाण पत्र जमा करना आसान हो जाता है।

इस सुविधा का इस्तेमाल करने से पहले पेंशनधारकों को आधार नंबर, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) नंबर, पेंशन खाते से जुड़ी जानकारी और मोबाइल नंबर तैयार रखना चाहिए। साथ ही, पेंशन भुगतान एजेंसी के रिकॉर्ड में आधार का पंजीकरण होना भी आवश्यक है।

क्या होता है जीवन प्रमाण पत्र?

जीवन प्रमाण पत्र एक ऐसा दस्तावेज है, जिसके जरिए यह प्रमाणित किया जाता है कि पेंशन प्राप्त करने वाला व्यक्ति जीवित है और उसे पेंशन का भुगतान जारी रखा जाना चाहिए। EPFO की कर्मचारी पेंशन योजना के अंतर्गत आने वाले पेंशनधारकों को निर्धारित अवधि पर यह प्रमाण पत्र जमा करना होता है।

यदि पेंशनधारक समय पर जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं करते हैं, तो उनकी पेंशन का भुगतान प्रभावित हो सकता है या रुक सकता है। इसलिए उन्हें अपने पिछले प्रमाण पत्र की तारीख और अगला प्रमाण पत्र जमा करने की समयसीमा का ध्यान रखना चाहिए। सामान्य तौर पर पिछले जीवन प्रमाण पत्र को जमा करने के एक वर्ष के भीतर नया प्रमाण पत्र देना होता है।

EPFO Pensioners Digital Life Certificate
कैंसर की दवा पर सरकार की सख्ती! 70 फीसदी तक हो सकती है सस्ती; मुनाफा की सीमा तय, इंडस्ट्री में नाराजगी

30 नवंबर तक जमा करें जीवन प्रमाण पत्र

2026 में 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनधारक 1 अक्टूबर से अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। वहीं, अन्य पात्र पेंशनधारकों के लिए प्रमाण पत्र जमा करने की सामान्य अवधि नवंबर में रहती है। इनके लिए अंतिम तारीख 30 नवंबर निर्धारित है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com