Election Commissioners Object To SIR Decisions Live Update: चुनाव आयोग की स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर सियासी बहस के बीच चुनाव आयोग के भीतर दर्ज की गई आपत्तियों को लेकर एक रिपोर्ट सामने आई है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के फैसलों और उठाए गए कुछ कदमों पर 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज कीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इन आपत्तियों में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता सूची से नाम हटाने और चुनावी प्रक्रिया में किए गए कुछ बदलावों से जुड़े मुद्दे उठाए गए। दोनों चुनाव आयुक्तों ने कुछ कदमों को ‘अनधिकृत’ और ‘अवैध’ बताते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
Form 6 में बदलाव पर भी उठे सवाल
इंडियन एक्सप्रेस की एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्तों ने नए मतदाताओं के लिए इस्तेमाल होने वाले Form 6 में किए गए बदलाव पर भी सवाल उठाए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, फॉर्म में SIR से जुड़े कुछ सवाल जोड़े गए थे और दोनों आयुक्तों ने इस बदलाव को ‘अनधिकृत’ और ‘अवैध’ बताते हुए इसे हटाने की बात कही थी।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि दोनों चुनाव आयुक्तों ने मतदाता डेटा और चुनाव आयोग के आईटी सिस्टम से जुड़े कुछ फैसलों पर भी आपत्ति जताई थी। इनमें चुनावी डेटा और सॉफ्टवेयर तक पहुंच के केंद्रीकरण को लेकर सवाल शामिल थे।
तीन सदस्यीय आयोग में कौन-कौन?
चुनाव आयोग में इस समय मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी शामिल हैं। चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त हैं, जबकि संधू और जोशी चुनाव आयुक्त हैं।
विपक्ष ने उठाए सवाल
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर सवाल उठाए हैं। विपक्षी नेताओं ने CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने और SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट से हस्तक्षेप की मांग भी की गई है।
हालांकि, विपक्ष की इन मांगों और आरोपों को राजनीतिक दलों के बयानों के रूप में देखा जाना चाहिए। दूसरी ओर, चुनाव आयोग की ओर से यह कहा गया है कि SIR समेत आयोग के फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं और सभी फैसलों में मुख्य चुनाव आयुक्त तथा दोनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी शामिल रही है।
इस मामले से जुड़ी सभी बड़ी खबरें और ताजा अपडेट्स के लिए हमारे लाइव ब्लॉग के साथ जुड़े रहें...