

Delhi Police Security Alert Bakrid: देशभर में आज बकरीद मनाया जा रहा है। देश के अलग-अलग शहरों की सभी मस्जिदों को सजाया गया है। बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग आज मस्जिदों में एकत्रित होकर नमाज अदा करेंगे। इसी के साथ कुर्बानी की रस्म भी निभाई जाएगी। बकरीद के त्यौहार को देखते हुए देश के अलग-अलग राज्यों में सुरक्षा चाक-चौबंद किया गया हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी पुलिस हाई अलर्ट पर है।
शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। उत्तर प्रदेश में ड्रोन और सीसीटीवी से लगातार निगरानी की जा रही है। इसी प्रकार बिहार, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में भी भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
राजधानी के एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर भी प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी के अनुसार, अलग-अलग मैसेजिंग एप्लिकेशन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी के लिए साइबर टीमों को तैनात किया है। ताकि, यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी प्रकार की अफवाह, आपत्तिजनक पोस्ट, कुर्बानी के वीडियो या भड़काऊ संदेश ऑनलाइन प्रसारित न हों।
दिल्ली में संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा कहते हैं, सुरक्षा के इंतजाम कर लिए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने खासकर सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में, बड़े पैमाने पर इंतजाम किए हैं। बकरीद से पहले, दिल्ली पुलिस ने इलाके में, खासकर मिली-जुली आबादी वाले इलाकों में, पहले ही रूट मार्च और फ्लैग मार्च किए थे।
अब तक जश्न पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा है और हमें उम्मीद है कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। त्योहार के हिस्से के तौर पर कुर्बानी की रस्म पूरी तरह से घर के अंदर ही निभाई जाएगी।
सभी जिलों के इमामों, मस्जिद समिति और स्थानीय लोगों के साथ पुलिस अधिकारियों ने बैठक करके शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से नियमों का पालन करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने को कहा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट शेयर न करने की अपील की।