

Salim Dola Deported To India: कुख्यात ड्रग तस्कर और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े सलीम डोला को भारत वापस लाया गया है। उसे दिल्ली के तकनीकी एयरपोर्ट पर विशेष विमान से डिपोर्ट किया गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया विभाग और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन के तहत की गई है। फिलहाल सलीम डोला से पूछताछ जारी है और पूछताछ के बाद उसे मुंबई पुलिस को सौंपे जाने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि सलीम डोला को हाल ही में इस्तांबुल में गिरफ्तार किया गया था और वहीं से उसे भारत भेजा गया। भारत पहुंचते ही उसकी गतिविधियों को लेकर जांच एजेंसियों ने उससे सवाल-जवाब शुरू कर दिए हैं। इस मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) भी सक्रिय हो गए हैं। ED पहले से ही उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच कर रही थी। इससे पहले मुंबई में कई ठिकानों पर छापेमारी भी की गई थी, जिसमें उसके कथित ड्रग नेटवर्क से जुड़ी काली कमाई का खुलासा हुआ था। जांच एजेंसियों के अनुसार, सलीम डोला का नाम MD (मेफेड्रोन) ड्रग्स की तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क में सामने आया है। उस पर ड्रग सप्लाई और अवैध फंडिंग से जुड़े गंभीर आरोप हैं। NCB ने उसके खिलाफ पहले से इनाम भी घोषित कर रखा था।
सलीम डोला मुंबई के भायखला में 1960 में जन्मा था। शुरुआती दौर में वह छोटे स्तर पर गुटखा और गांजा तस्करी से जुड़ा, लेकिन धीरे-धीरे उसने ड्रग्स के बड़े अवैध कारोबार में कदम बढ़ा लिया। कहा जाता है कि उसका संपर्क छोटा शकील से हुआ, जिसके बाद वह दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क यानी डी-कंपनी से जुड़ गया। इसके बाद उसे मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में ड्रग सप्लाई की जिम्मेदारी दी गई।
1993 के मुंबई धमाकों के बाद जब दाऊद और छोटा शकील देश छोड़कर भाग गए, तब भी सलीम डोला भारत में रहकर कथित तौर पर ड्रग नेटवर्क संभालता रहा। बाद में उसने अपना नेटवर्क देश के कई हिस्सों और विदेशों तक फैला दिया।
उस पर मुंबई में कई ड्रग मामलों सहित बड़े पैमाने पर MD ड्रग्स की तस्करी के केस दर्ज हैं। कई बार गिरफ्तारी और जमानत के बाद वह दोबारा सक्रिय हो गया था और बाद में देश छोड़कर विदेश में रहने लगा था। फिलहाल उसकी भारत वापसी के बाद एजेंसियां उसके पूरे नेटवर्क और फंडिंग सिस्टम की गहराई से जांच कर रही हैं।