दिल्ली-श्रीनगर में सीजन की सबसे सर्द रात, यूपी, पंजाब, राजस्थान समेत पूरे उत्तर भारत में बढ़ी ठिठुरन

Weather News: आज दिल्ली में पारा 8°C और श्रीनगर में -3.9°C पहुंच गया। यूपी समेत उत्तर भारत में सर्द पछुआ हवाओं से कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो 10 दिसंबर तक यह गलन जारी रहेगी।
Weather Update
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Today Weather Update: पूरे उत्तर भारत में ठंड अचानक बढ़ गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों में दिखाई दे रहा है। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो 2022 के बाद नवंबर की सबसे सर्द सुबह दर्ज हुई। कई राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है।

राष्ट्रीय राजधानी में सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। बुधवार को मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही। दिल्ली में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस (8°C) दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 3.3 डिग्री नीचे था। यह नवंबर 2022 के बाद से सबसे कम है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली में सुबह के समय मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम तापमान 9°C के आसपास रहने की संभावना है।

श्रीनगर में रिकॉर्ड तोड़ ठंड; 10 दिसंबर तक बढ़ेगा प्रकोप

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर शहर में बुधवार को इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। यहां तापमान लुढ़ककर माइनस 3.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पहाड़ी इलाकों का मौसम अब गलन पैदा करने वाला हो रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में सर्दी का प्रकोप और अधिक होगा। माना जा रहा है कि 10 दिसंबर तक गलन वाली ठंड महसूस होगी, और इस दौरान मौसम सर्द एवं शुष्क रहेगा। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और पहलगाम में तापमान शून्य से 4.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। अन्य शहरों में जम्मू का तापमान 8.8°C और बनिहाल का तापमान 0.7°C रहा।

यूपी, हरियाणा और राजस्थान में सर्द हवाओं का जोर

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में ठंडी और शुष्क पश्चिमी/उत्तर-पश्चिमी हवा (सर्द पछुआ हवाओं) के कारण ठंड बढ़ गई है। यूपी में ठिठुरन जारी है। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। विशेषज्ञों के अनुसार, 27 से 29 नवंबर तक पूरे पश्चिमी और पूर्वी यूपी में आसमान साफ रहेगा। वहीं, 30 नवंबर व 1 दिसंबर की सुबह कुछ जिलों में कोहरा छाने की संभावना है।

हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। हरियाणा के नारनौल, हिसार और रोहतक में तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। राजस्थान में ठंड ने रफ्तार पकड़ी है, जहां चूरू, सीकर और जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 7-9°C तक पहुंच चुका है। आज राजस्थान के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश भी हो सकती है, जिससे ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।

पहाड़ी और मध्य भारत का मौसम

पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद ठंडी हवाओं का असर मैदानी राज्यों पर भी पड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश में मनाली, कुफरी और किन्नौर में तापमान शून्य के आसपास पहुंच गया है। बिहार में पटना, गया और भागलपुर में सुबह के समय हल्की ठंड बढ़ रही है। झारखंड के रांची और बोकारो में भी हवा में ठंडक महसूस की जा रही है। मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में भी रात का तापमान लगातार गिर रहा है। इसके विपरीत, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में आज बारिश की संभावना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com