अगले कुछ घंटों में मौसम लेगा करवट! धूलभरी आंधी के साथ बारिश-तूफान का अलर्ट, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

Dust Storm Alert Delhi: मौसम विभाग ने 28 से 31 मई के बीच कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान का अनुमान लगाया है। दिल्ली-NCR समेत कई इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश देखने को मिल सकती है।
IMD Alert
सांकेतिक तस्वीर (Image- IANS)
Updated on

IMD Weather Alert: दिल्ली-NCR में दोपहर के बाद मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ रहा है। आसमान में बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की हवाएं भी चल रही हैं, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आसपास के इलाकों, जैसे नूंह (हरियाणा), मथुरा (उत्तर प्रदेश) और भरतपुर (राजस्थान) में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पाकिस्तान के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय हवाओं के मिलने से ये सिस्टम बना है। इस वक्त हरियाणा और राजस्थान की सीमा के पास गरज-चमक के साथ बादल बन रहे हैं। मौसम विभाग ने 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी की रफ्तार 80 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

लू का असर कम होगा

IMD का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में आज से हीटवेव की तीव्रता में कमी आनी शुरू हो सकती है। वहीं, राजस्थान, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में लू जारी रहने की संभावना है, लेकिन कल से इसमें काफी गिरावट आने की उम्मीद है।

delhi weather dust strom
सांकेतिक तस्वीर (Image- Social Media)

बारिश-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग ने 28 से 31 मई के बीच उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान का अनुमान लगाया है। दिल्ली-NCR समेत कई इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश देखने को मिल सकती है।

भीषण गर्मी का प्रकोप

गौरतलब है कि पिछले 24 घंटे में देश के कई हिस्सों में तापमान 46-48 डिग्री तक पहुंच गया है। राजस्थान का श्रीगंगानगर 48.2°C के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि उत्तर प्रदेश के बांदा में 47.8°C तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा का रोहतक, मध्य़ प्रदेश का खजुराहो, महाराष्ट्र के नागपुर और वर्धा जैसे शहरों में भी पारा 46 डिग्री से ऊपर रहा।

पश्चिमी विक्षोभ से मिलेगी राहत

मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान लगाया है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 3-4 दिनों में उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मौसम करवट लेगा। इसके साथ ही कुछ राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे गर्मी का प्रकोप कम होगा और तापमान में गिरावट आएगी। बारिश होने से झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिल सकती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com