दिल्ली-NCR में तीन दिन ऑटो-टैक्सी-कैब सेवाएं रहेंगी ठप, यूनियन ने बुलाई हड़ताल, इन विकल्पों का करें उपयोग

Delhi Cab Strike: दिल्ली-एनसीआर में 21 से 23 मई तक ऑटो, टैक्सी और कैब चालकों की तीन दिवसीय हड़ताल रहेगी, जिससे सार्वजनिक परिवहन सेवाएं प्रभावित होंगी।
Delhi-NCR Auto Taxi Strike
सांकेतिक तस्वीर (Image- Social Media)
Published on: 
Updated on: 

Delhi-NCR Auto Taxi Strike: पेट्रोल-डीजल और CNG की लगातार बढ़ती कीमतों, पुराने किराये और ऐप-बेस्ड कंपनियों से ड्राइवर्स नुकसान का दावा कर रहे हैं। इसी कारण से दिल्ली-एनसीआर के ऑटो, टैक्सी, ट्रांसपोर्ट और कैब चालक 21 मई से 23 मई तक तीन दिन की बड़ी हड़ताल पर जा रहे हैं। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (एआईएमटीसी) और दिल्ली चालक शक्ति यूनियन के संयुक्त आह्वान पर ये हड़ताल की जा रही है। ऐसी आशंका है कि इसमें बड़ी संख्या में वाहन चालक शामिल होने वाले हैं।

क्यों कर रहे हैं हड़ताल?

यूनियन नेताओं का कहना है कि पिछले 15 साल से ऑटो-टैक्सी का किराया नहीं बढ़ाया गया है, वहीं पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतें कई गुना बढ़ चुकी हैं। इसके साथ ही हरित शुल्क (ग्रीन टैक्स), पुराने वाहनों पर प्रतिबंध और ओला-उबर जैसी कंपनियों द्वारा अपने हिसाब से कमीशन व शोषण चालकों की कमर तोड़ रहा है। यूनियन का कहना है कि मौजूदा स्थिति में उनका गुजारा करना बेहद मुश्किल हो गया है।

हड़ताल का क्या होगा असर?

21 से 23 मई के दौरान दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में ऑटो, टैक्सी, ई-रिक्शा और प्राइवेट कैब सेवाएं लगभग पूरी तरह से बंद रहने की संभावना है। सुबह के ऑफिस टाइम और शाम को घर लौटने वालों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा बाजारों, अस्पतालों, एयरपोर्ट तथा रेलवे स्टेशनों पर भी वाहनों की कमी देखी जा सकती है।

किन विकल्पों का करें इस्तेमाल?

  • मेट्रो और सरकारी बसों का भरपूर उपयोग करें। इस दौरान दिल्ली-NCR में मेट्रो सेवाएं पूरी तरह सामान्य रहेंगी।
  • कारपूलिंग करें और दोस्तों, परिवारजनों या सहकर्मियों के साथ यात्रा साझा करें।
  • छोटी दूरी पर जाना है तो बाइक, स्कूटी या साइकिल का इस्तेमाल करें।
  • अगर संभव हो तो वर्क फ्रॉम होम करें।
  • सावधानी के तौर पर दूध, सब्जी, राशन और आवश्यक दवाइयों की खरीदारी कर लें।

बता दें कि प्रशासन ने भी आम जनता से अपील की है कि वे इन तीन दिनों में अनावश्यक यात्रा टालें और उपलब्ध सार्वजनिक परिवहन का ही उपयोग करें। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा भी इन दिनों के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com