राजधानी में सफर महंगा; 48 घंटे में दूसरी बार बढ़े दाम, दिल्ली में पहली बार CNG 80 पार, आम आदमी की उड़ी नींद

Delhi NCR Fuel Price Increase: दिल्ली में सीएनजी फिर से महंगी हो गई है। पिछले दो दिनों में यह दूसरी बार सीएनजी कीमत में बढ़ोतरी हुई है। इससे दिल्ली-NCR में यात्रियों पर ईंधन महंगाई का बोझ बढ़ा।
Commuting in the Capital Gets Costlier: Prices Hiked for the Second Time in 48 Hours; CNG Crosses the ₹80 Mark in Delhi for the First Time, Leaving the Common Man Sleepless.
सीएनजी कीमत में बढ़ोत्तरी, प्रतीकात्मक इमेज ( फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Delhi CNG Price Hike News: पश्चिम एशिया में ईरान-अमेरिका संघर्ष के बाद से वैश्विक ऊर्जा संकट की स्थिति बनी हुई है। इसका असर भारत पर भी दिखना शुरू हो गया है। इसी बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सीएनजी फिर से महंगी हो गई है। पिछले दो दिनों में यह दूसरी बार सीएनजी कीमत में बढ़ोतरी हुई है। इससे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में यात्रियों पर ईंधन की लागत का बोझ और बढ़ गया है।

कीमत बढ़ने के बाद रविवार को दिल्ली में अब सीएनजी 80.09 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। यह पहली बार है कि दिल्ली में सीएनजी के दाम 80 रुपए के आंकड़े को पार कर गए हैं। इस बढ़ोतरी के बाद नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की कीमत अब 88.70 रुपए प्रति किलोग्राम होगी।

दिल्ली-NCR में इतने रुपए की बढ़ोत्तरी

इससे पहले शुक्रवार को सीएनजी की कीमतों में 2 रुपए प्रति किलोग्राम का इजाफा किया गया। अब रविवार को इसकी कीमतों में 1 प्रति रुपए किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। उस समय दिल्ली में सीएनजी की दर बढ़कर 79.09 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई थी। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमतों में लगभग 3 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में लगभग 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी भी हुई थी। इस बदलाव के बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।

होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी से संकट

ईंधन की कीमतों में यह उछाल पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा व्यापार मार्गों में से एक होर्मुज स्ट्रेट की लगातार नाकेबंदी के बीच आया है। वैश्विक तेल और गैस व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा इसी संकरे मार्ग से होकर गुजरता है और आपूर्ति में रुकावटों के कारण अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं।

ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर हो रही आलोचना का जवाब देते हुए बीते दिनों केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल के बावजूद भारत पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को सीमित रखने में सफल रहा है।

कीमत बढ़ोत्तरी पर सरकार का बचाव

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने सरकार का बचाव किया है, उन्होंने बताया कि कई देशों में ईंधन की कीमतों में 20 प्रतिशत से लेकर लगभग 100 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी गई, जबकि भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में केवल 3.2 प्रतिशत और 3.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। रिजिजू ने कहा कि वैश्विक बाजार अस्थिर हैं, फिर भी भारत की सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने देश के उपभोक्ताओं पर इसका असर नहीं पड़ने दिया और हफ्तों तक भारी नुकसान उठाया।

Navbharat Live
navbharatlive.com