पिनाराई विजयन के घर छापेमारी पर भड़की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भाजपा और कांग्रेस की बताई मिलीभगत

CPI(M) M A Baby on ED Raid: CPI(M) के महासचिव एम.ए. बेबी ने पिनाराई विजयन के खिलाफ ED की छापेमारी को 'जघन्य हमला' बताया है। उन्होंने इस छापेमारी के पीछे कांग्रेस और भाजपा का हाथ बताया।
M A Baby ED raids against Pinarayi Vijayan
पिनाराई विजयन और एमए बेबी (IANS फाइल फोटो)
Published on
Updated on

ED raids Against Pinarayi Vijayan: केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के आवास पर ईडी ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस छापेमारी को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव एमए बेबी ने बुधवार को केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से जुड़े सीएमआरएल-एक्सालॉजिक मामले में प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

एमए बेबी ने ईडी की इस कार्रवाई को पिनाराई विजयन के खिलाफ घोर अपराध बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और केरल में उसके सबसे बड़े नेता को राजनीतिक रूप से निशाना बना रही है। बेबी का यह भी दावा है कि वी.डी. सतीशन के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल के दो सदस्यों को भी CMRL से पैसे मिले थे।

उन्होंने कहा, ''इस छापेमारी का आधार केरल हाईकोर्ट का वह आदेश बताया जा रहा है, जिसमें प्रवर्तन निदेशालय की जांच जारी रखने की अनुमति दी गई थी लेकिन वीणा विजयन हर बार जांच में सहयोग करती रही हैं और बुलाए जाने पर अधिकारियों के सामने पेश हुई हैं।''

सुबह 6 बजे विजयन के आवासों पर छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार सुबह 6 बजे से तिरुवनंतपुरम और कन्नूर में विजयन के आवासों, कोझिकोड में पूर्व मंत्री पीए मोहम्मद रियास के घर, कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड से जुड़े परिसरों और अन्य ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।

मोहम्मद रियास वीणा विजयन के पति हैं और बेपोर से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के विधायक भी हैं। यह मामला उन आरोपों से जुड़ा है, जिनमें कहा गया है कि वीणा विजयन की सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी एक्सालॉजिक को सीएमआरएल से उन सेवाओं के बदले भुगतान मिला जो कथित तौर पर दी ही नहीं गईं।

हालांकि, बेबी ने मामले के कानूनी पक्ष पर ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा, ''मैं CMRL मामले के गुण-दोष पर नहीं जाना चाहता। कंपनी पहले ही अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुकी है।'' उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पिनाराई विजयन पहले भी राजनीतिक प्रताड़ना का सामना कर चुके हैं।

कांग्रेस और भाजपा की बताई मिलीभगत

बेबी ने कहा, ''आपातकाल के दौरान भी पिनाराई विजयन को परेशान किया गया था। अब मोदी सरकार वही दोहरा रही है।'' उन्होंने कांग्रेस पर भी भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर विजयन को निशाना बनाने का आरोप लगाया। प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के बाद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता नाराज हो गए और कन्नूर व कोझिकोड में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ नारेबाजी की।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आपात बैठक भी की। संकेत हैं कि दिनभर में विरोध प्रदर्शन पूरे केरल में फैल सकते हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के नेता शॉन जॉर्ज की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वीणा विजयन मामले को जांच के लिए आगे बढ़ाने में उनकी अहम भूमिका रही थी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com