अदालत ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन को 9 जून तक ED की रिमांड में भेजा

Satyendar Jain
Published on
Updated on

नई दिल्ली: दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendar Jain) को दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कार्यालय में ले जाया गया। इससे पहले दिल्ली की एक अदालत ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले (Money Laundering Case) में जैन को 9 जून तक ईडी की रिमांड में भेज दिया है। बता दें कि, ईडी ने अदालत से उनके कस्टडी की मांग की थी।  विशेष न्यायाधीश गीतांजलि गोयल ने बड़ी साजिश का खुलासा करने के लिए जैन से हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें ईडी की हिरासत में भेज दिया ।

https://twitter.com/ANI/status/1531592983296233472

कल हुई गिरफ्तारी 

ईडी ने सोमवार को धन शोधन निरोधक अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री जैन को गिरफ्तार किया था। उनकी यह गिरफ्तारी कोलकाता की एक कंपनी से जुड़े हवाला लेनदेन से जुड़े मामले (Hawala Case) में हुई है। एजेंसी ने पिछले महीने जैन के परिवार और जैन से संबंधित कंपनियों की 4.81 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति को उनके खिलाफ एक धनशोधन मामले की जांच के तहत अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया गया है।  वर्ष 2018 में ईडी ने इस मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता जैन से पूछताछ की थी। 

उन्हें जानबूझकर फंसाया गया

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी सरकार के मंत्री सत्येन्द्र जैन की गिरफ्तारी पर चुप्पी तोड़ते हुए मंगलवार को कहा कि जैन के खिलाफ मामला ‘‘पूरी तरह से फर्जी और राजनीति से प्रेरित है।''  उन्होंने कहा कि उनकी सरकार और आम आदमी पार्टी ‘बेहद ईमानदार'' है।  उन्हें जानबूझकर फंसाया गया है।''उन्होंने कहा, ‘‘हमें न्यायपालिका पर विश्वास है। जैन सत्य के मार्ग पर चल रहे हैं और पाक साफ साबित होंगे।'' 

चलाया जा रहा है फर्जी मामला 

सिसोदिया ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सत्येंद्र जैन के खिलाफ आठ साल से एक फर्जी मामला चलाया जा रहा है। अभी तक कई बार ईडी बुला चुकी है। बीच में कई साल ईडी ने बुलाना भी बंद कर दिया था, क्योंकि उन्हें कुछ मिला ही नहीं। अब फिर शुरू कर दिया क्योंकि सत्येंद्र जैन हिमाचल के चुनाव प्रभारी हैं।''सिसोदिया ने दावा किया, ‘‘हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बुरी तरह से हार रही है। इसलिए सत्येंद्र जैन को आज गिरफ्तार किया गया है ताकि वह हिमाचल न जा सकें। वह कुछ दिनों में छूट जाएंगे क्योंकि मामला बिलकुल फर्जी है।''

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com