सर्जिकल स्ट्राइक बयान पर गरमाए उदित राज, थरूर को लेकर भाजपा से ये अपील

भारत की ओर से अमेरिका गए डेलिगेशन का नेतृत्व कर रहे थरूर ने पनामा में कहा कि 2016 में उरी हमले के बाद भारत ने पहली बार LoC पार करके सर्जिकल स्ट्राइक किया था। थरूर के इस बयान से कांग्रेस नेता नाखुश हैं।
सर्जिकल स्ट्राइक बयान पर गरमाए उदित राज, थरूर को लेकर भाजपा से ये अपील
थरूर के बयान से उदित राज नाराज
Published on
Updated on

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता उदित राज ने अपनी पार्टी के सांसद शशि थरूर के एक ताजा बयान को लेकर बुधवार को उन पर निशाना साधा और कहा कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुख्य प्रवक्ता घोषित कर देना चाहिए।

शशि थरूर पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के साथ हुए हालिया संघर्ष पर भारत का पक्ष रखने के लिए विदेश गए हैं। थरूर यहां एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। थरूर ने पनामा में कहा कि हाल के वर्षों में जो बदलाव आया है वह यह है कि आतंकवादियों को भी एहसास हो गया है कि उन्हें अपने किए की कीमत चुकानी पड़ेगी।

2016 में पहली बार हुए सर्जिकल स्ट्राइक

थरूर ने यहां पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए कहा कि पहली बार ऐसा हुआ कि सितंबर, 2016 में उरी हमले के बाद भारत ने आतंकी ठिकानों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक' करने के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच की नियंत्रण रेखा को पार किया। कांग्रेस नेता थरूर के सर्जिकल स्ट्राइक वाले इसी बयान से नाखुश हैं।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने थरूर के कथन का प्रतिवाद करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री सिंह के बयान का एक वीडियो साझा किया और कहा कि सिंह ने इस बात का उल्लेख किया था कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के तहत कई सर्जिकल स्ट्राइक हुईं थीं।

भाजपा का मुख्य प्रवक्ता घोषित कर दें

वहीं, कांग्रेस नेता उदित राज ने थरूर पर जमकर निशाना साधा है। उदित राज ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, प्रिय शशि थरूर, अफसोस! मैं प्रधानमंत्री मोदी से इसकी पहल कर सकता हूं कि वह आपको भाजपा का मुख्य प्रवक्ता घोषित कर दें, यहां तक कि भारत लौटने से पहले आपको विदेश मंत्री भी घोषित कर दें।

उन्होंने कहा, ‘आप यह कहकर कांग्रेस के स्वर्णिम इतिहास को कैसे बदनाम कर सकते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी से पहले भारत ने कभी भी नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा पार नहीं की। 1965 में भारतीय सेना ने कई स्थानों पर पाकिस्तान में प्रवेश किया, जिसने लाहौर सेक्टर में पाकिस्तानियों को पूरी तरह से चौंका दिया। पोस्ट में उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 1971 में भारत ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान कई ‘सर्जिकल स्ट्राइक' की गईं। लेकिन इसको राजनीतिक रूप से भुनाने के लिए ढोल नहीं पीटा गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com