तेलंगाना में उर्दू पढ़ाने पर बवाल, कांग्रेस का आरोप- BJP नेताओं ने स्कूल में प्रिंसिपल से की मारपीट- VIDEO

Congress BJP Urdu Controversy: तेलंगाना के निजामाबाद में उर्दू पढ़ाने को लेकर विवाद हो गया। कांग्रेस ने भाजपा नेताओं पर स्कूल में घुसकर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
Uproar over Urdu teaching in Telangana; Congress alleges BJP leaders assaulted school principal – VIDEO
तेलंगाना के निजामाबाद में उर्दू पढ़ाने को लेकर विवाद (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Telangana Urdu Row: कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद ने रविवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से निजामाबाद जिले में उर्दू पढ़ाने को लेकर एक स्कूल के प्रिंसिपल के साथ कथित मारपीट करने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। डॉ. शमा मोहम्मद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि भाजपा से जुड़े कुछ लोग स्कूल परिसर में घुस गए और उर्दू पढ़ा रहे शिक्षक के साथ पुलिस की मौजूदगी में मारपीट की। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को टैग करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

BJP पर लगाए गंभीर आरोप

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि अब भाजपा को उर्दू भाषा से भी समस्या हो गई है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के नारे पर भी सवाल उठाया। यह घटना शनिवार को निजामाबाद जिले के आर्मूर स्थित भारथ चंद्र स्कूल में हुई। आरोप है कि कुछ स्थानीय भाजपा नेता स्कूल परिसर में पहुंचे और प्रिंसिपल आमेर खान के साथ मारपीट की। उनका आरोप था कि स्कूल में उर्दू को दूसरी भाषा के रूप में पढ़ाया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों को उर्दू गीत और धार्मिक सामग्री पढ़ाई जा रही है, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई।

तेलंगाना बन रहा RSS की प्रयोगशाला: अमजद उल्लाह

मामले पर मजलिस बचाओ तहरीक (एमबीटी) के नेता अमजद उल्लाह खान ने भी घटना की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के शासन में तेलंगाना धीरे-धीरे आरएसएस की प्रयोगशाला बनता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि निजामाबाद में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों पर लगातार हमले हो रहे हैं और पुलिस की कार्रवाई पक्षपातपूर्ण दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों को लगातार निशाना बनाए जाने और चुनिंदा पुलिस कार्रवाई से राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। साथ ही आरोप लगाया कि रेवंत रेड्डी सरकार की 'सॉफ्ट हिंदुत्व' की राजनीति देशभर में कांग्रेस के भविष्य को नुकसान पहुंचा रही है।

क्या है पूरा मामला?

प्रिंसिपल आमेर खान का आरोप है कि उनके और एक अन्य शिक्षक को पुलिस थाने ले जाया गया, जहां उन्हें काफी देर तक फर्श पर बैठाकर रखा गया। उनका कहना है कि उनके साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। आमेर खान ने बताया कि अभिभावकों की मांग पर स्कूल में उर्दू को दूसरी भाषा के रूप में शुरू किया गया था और इसके लिए एक शिक्षक की नियुक्ति भी की गई थी।

उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन उर्दू विभाग के लिए अलग ब्लॉक बनाने की योजना बना रहा था, लेकिन नए शिक्षक को इसकी जानकारी नहीं थी, इसलिए उन्होंने संयुक्त कक्षा ले ली। इस घटना के विरोध में विभिन्न संगठनों ने सोमवार को निजामाबाद बंद का आह्वान किया है।

एजेंसी इमपुट के साथ...

Navbharat Live
navbharatlive.com