आतंकियों का साथ दे रही कांग्रेस? चिदंबरम के बयान पर सियासी घमासान; मोदी के मंत्री का बड़ा हमला

Delhi Blast Congress vs BJP: दिल्ली में लाल किले के पास हुए दर्दनाक कार ब्लास्ट का मामले में अब सियासत का पारा भी रफ्तार पकड़ने लगा है। आतंकवाद को लेकर चिदंबरम के बयान पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है।
bjp-giriraj-singh-attacks-p-chidambaram-over-domestic-terrorist-remark-after-delhi-blast
गिरिराज का चिदंबरम पर बड़ा हमला
Published on: 
Updated on: 

Delhi Blast BJP Leader Giriraj Singh vs Congress Leader Chidambaram: दिल्ली में लाल किले के पास हुए दर्दनाक कार ब्लास्ट का मामला अब पूरी तरह सियासी हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम के 'घरेलू आतंकवादियों' वाले एक बयान ने इस आग में घी डाल दिया है। चिदंबरम के इस बयान पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने चिदंबरम पर सीधा हमला बोलते हुए उन पर आतंकवादियों का समर्थन करने और उनके पक्ष में बोलने का बड़ा आरोप लगा दिया है।

यह पूरा विवाद बुधवार को पी. चिदंबरम के एक एक्स पोस्ट से शुरू हुआ। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर दिल्ली ब्लास्ट का जिक्र नहीं किया, लेकिन उन्होंने 'घरेलू आतंकवादियों' की बात उठाते हुए सरकार की 'गुप्त चुप्पी' पर सवाल खड़ा कर दिया। चिदंबरम ने यह भी सवाल पूछा कि आखिर भारतीय नागरिक क्यों और किन हालातों में आतंकवादी बन रहे हैं। उनका इशारा था कि सरकार को इन लोगों के बारे में पता है।

'तुष्टिकरण का नतीजा, सारी हदें पार कीं'

चिदंबरम के इसी बयान पर गुरुवार को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता आतंकवादियों का समर्थन कर रहे हैं। गिरिराज ने कहा, 'आपने (चिदंबरम) सारी सीमाएं पार कर दी हैं। आपने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का धर्म भी छीन लिया। आप आतंकवादी यासीन मलिक को उनके साथ बैठाने के लिए लाए थे।' वरिष्ठ भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि देश कांग्रेस की 'नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक' की तुष्टिकरण की राजनीति के कारण ही आतंकवाद का संकट झेल रहा है।

'आतंक पर सियासी कथा गढ़ रही कांग्रेस'

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। कोहली ने पी चिदंबरम पर आतंक की घटना पर 'राजनीतिक कथा' बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को 'पीड़ित' बताने वाले ऐसे बयान उन लोगों के साथ अन्याय हैं, जिन्होंने आतंक का सामना किया है। कोहली ने साफ कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सिर्फ दो पक्ष हैं- जो आतंकवाद के साथ हैं और जो इसके खिलाफ हैं। उन्होंने यह भी माना कि दिल्ली ब्लास्ट में सीमा पार से मदद मिली। गौरतलब है कि सोमवार को दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट में 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 25 से ज्यादा लोग घायल हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com