अमेरिकी सांसद इल्हान उमर से मिले राहुल गांधी; कांग्रेस पर भड़क उठी बीजेपी, बढ़ेगा बवाल!

अमेरिकी सांसद इल्हान उमर और अन्य से राहुल गांधी की मुलाकात को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष भारत-विरोधी रुख के लिए पहचाने जाने वाले लोगों से विदेशों में मुलाकात कर ‘खतरनाक और शरारतपूर्ण गतिविधियों' में शामिल हो रहे हैं।
अमेरिकी सांसद इल्हान उमर और राहुल गांधी की मुलाकात पर भड़की बीजेपी
चर्चा के दौरान अमेरिकी सांसद इल्हान उमर और राहुल गांधी (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

नई दिल्ली: अमेरिकी सांसद इल्हान उमर और अन्य से राहुल गांधी की मुलाकात को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष भारत-विरोधी रुख के लिए पहचाने जाने वाले लोगों से विदेशों में मुलाकात कर ‘खतरनाक और शरारतपूर्ण गतिविधियों' में शामिल हो रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी पहले ‘बचकानी गतिविधियों' में लिप्त रहते थे, लेकिन अब वह ‘खतरनाक और शरारतपूर्ण गतिविधियों' में लिप्त हैं।

त्रिवेदी ने कहा कि भारत के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि एक नेता प्रतिपक्ष ने घोषित भारत-विरोधी सांसद से मुलाकात की और अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने अमेरिकी सांसद इल्हान उमर से मुलाकात की, जो अपने भारत-विरोधी रुख और बयानों के लिए बदनाम हैं।'' सिख समुदाय पर नेता प्रतिपक्ष की टिप्पणियों का जिक्र करते हुए त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि उन्हें (गांधी को) खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नून का समर्थन प्राप्त है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि इसी के साथ राहुल गांधी ने भारत-विरोधी मित्रों की अपनी सूची में एक नया दोस्त जोड़ा है।

भाजपा प्रवक्ता ने ने संवाददाता सम्मेलन में पत्रकार मुशफिकुल फजल के साथ राहुल की एक तस्वीर भी दिखाई और कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए उनपर वैसे लोगों से मिलने का आरोप लगाया जो भारत-विरोधी रुख के लिए जाने जाते हैं। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल की मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए ‘एक्स' पर कहा, ‘‘लाल घेरे में यह महिला अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता इल्हान उमर है। खालिस्तान तथा कश्मीर अलग देश बनाने का लगातार समर्थन करती है। अभी अमेरिका में राहुल गांधी जी इसी एजेंडे के लिए समर्थन जुटा रहे हैं।''

4 दिन की अमेरिका यात्रा पर हैं राहुल

आपको बता दें कि गांधी अमेरिका की चार-दिवसीय यात्रा पर हैं। उनका पहला पड़ाव शनिवार को डलास में था। इससे पहले, दिन में गांधी ने यूएस कैपिटोल में सांसदों के एक समूह के साथ बैठक की। कांग्रेस ने भारत के संबंध में अपने विवादास्पद रुख के लिए जानी जाने वाली उमर से राहुल की मुलाकात को लेकर हो रही आलोचनाओं को खारिज कर दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा (केंद्र) सरकार में है, इसलिए वह अमेरिकी राजदूत को तलब करे और अगर उसे ऐसा कुछ लगता है तो कार्रवाई करे।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि बहुत दुख होता है जब कांग्रेस के नेता विदेश जाकर बार-बार भारत का अपमान करते हैं और हर भारतवासी को शर्मिंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के उनके दौरे की जो खबरें आ रही हैं, वे बहुत ही दुखद हैं। वह भारत-विरोधी ताकतों से मिलते हैं। ऐसी महिला जो बार-बार भारत की आलोचना करती है, ‘मुस्लिम ब्रदरहुड' और पाकिस्तान के साथ खड़ी दिखती है तथा कश्मीर के भारत का अभिन्न अंग होने की भी आलोचना करती हैं, उसके साथ राहुल गांधी दिखते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com