वोट डालने के बाद दीदी पर भड़के सुवेंदु आधिकारी, बोले- ये हिंदुओं को बचाने का चुनाव

Assembly Election 2026: बंगाल चुनाव के पहले चरण में भाजपा उम्मीदवारों ने जीत का दावा करते हुए टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुवेंदु और अग्निमित्रा ने धांधली और बाहरी अपराधियों की आशंका जताई है।
Suvendu Adhikari
सुवेंदु अधिकारी, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सुबह से ही मतदान केंद्रों पर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। इस लोकतांत्रिक उत्सव के बीच राज्य की सियासी जमीन पर आरोपों और आशंकाओं की तपिश भी महसूस की जा रही है।

भाजपा के दिग्गज नेताओं ने सत्ताधारी दल पर चुनाव में धांधली करने और मतदाताओं को गुमराह करने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे चुनावी माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है।

सनातन संस्कृति बचाने के लिए चाहिए बदलाव: सुवेंदु अधिकारी

नंदीग्राम और भवानीपुर जैसी महत्वपूर्ण सीटों से चुनाव लड़ रहे भाजपा के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भरोसा जताया है, लेकिन गुंडागर्दी को लेकर चिंता जाहिर की है। उन्होंने दावा किया कि अगर इस बार बंगाल में राजनीतिक बदलाव नहीं हुआ, तो राज्य की सनातन संस्कृति के लिए बड़ा खतरा पैदा हो जाएगा।

सुवेंदु ने शांतिपूर्ण मतदान की अपील करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सभी पोलिंग एजेंटों से संपर्क बनाए रखा है। उनका मानना है कि यदि मतदाता सूची से फर्जी नाम, मृतकों के नाम और घुसपैठियों को हटा दिया जाए, तो ममता बनर्जी के जीतने की कोई संभावना नहीं बचती है। उन्होंने अपने एक पोलिंग एजेंट की गिरफ्तारी को लेकर भी प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अग्निमित्रा पॉल ने जताई धांधली की आशंका

आसनसोल दक्षिण से भाजपा की उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अपने क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला। उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और इस बार टीएमसी सरकार की विदाई तय है। हालांकि, उन्होंने चुनाव के दौरान हिंसा और गड़बड़ी की गहरी आशंका भी व्यक्त की है।

पॉल का कहना है कि बंगाल के चुनावों में बमबाजी और बिजली काटने जैसी घटनाएं होती रही हैं और इस बार भी अपराधियों को सक्रिय किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नदीम जैसे बड़े अपराधियों को बाहर से आसनसोल में बुलाया गया है। उन्होंने चुनाव आयोग से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि जनता बिना किसी डर के अपना फैसला सुना सके।

हुमायूं कबीर का टीएमसी पर प्रत्याशियों की खरीद फरोख्त का आरोप

चुनावी घमासान के बीच आम जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने भी अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को लेकर टीएमसी पर तीखा प्रहार किया। कबीर ने मतदान करने के बाद कहा कि टीएमसी टिकट बेचने का काम कर रही है और उनके उम्मीदवारों को पैसे का लालच देकर तोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने 142 उम्मीदवार मैदान में उतारे थे, जिनमें से लगभग 25-26 उम्मीदवार टीएमसी के पाले में चले गए हैं। इसके बावजूद उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी की बी टीम नहीं हैं और उनके शेष 117 उम्मीदवार पूरी ताकत से चुनाव लड़ रहे हैं। कबीर ने उम्मीद जताई है कि जनता इस तरह की राजनीति का जवाब ईवीएम के जरिए जरूर देगी।

वोटर्स क्या कह रहे हैं?

बंगाल चुनाव में इस बार महिला मतदाताओं का रुख काफी निर्णायक माना जा रहा है। एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता स्वप्ना बर्मन ने भी शांतिपूर्ण मतदान की अपील करते हुए इसे नागरिक अधिकार बताया है। वहीं, मतदान केंद्रों पर पहुंची महिला मतदाताओं के मन में सुरक्षा और रोजगार को लेकर गहरी चिंताएं देखी जा रही हैं।

एक महिला वोटर ने कहा कि पिछले 10 सालों में उनके क्षेत्र में कोई नई भर्ती नहीं हुई है, जो युवाओं के लिए बड़ा संकट है। अग्निमित्रा पॉल ने भी महिला आरक्षण विधेयक का जिक्र करते हुए कहा कि इसका चुनाव पर बड़ा असर होगा और महिलाएं ईवीएम के जरिए अपनी उपेक्षा का जवाब देंगी। मतदान केंद्रों पर महिलाओं की भीड़ यह संकेत दे रही है कि वे अपनी सुरक्षा और भविष्य को लेकर काफी जागरूक हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com