

Ayodhya Ram Mandir Ramrajya Kosh Box: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी ने जांच तेज कर दी है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की जांच में अब सामने आया है कि आरोपित अविनाश के कौशलपुरी स्थित योग केंद्र में 'रामराज्य कोष' लिखा एक बक्सा बरामद किया। इस बक्से पर पेटीएम का एक क्यूआर कोड भी चिपका हुआ था।
रामराज्य कोष लिखा यह बक्सा मिलने के बाद वाराणसी के चितईपुर के रहने वाले भास्कर सिंह ने दावा किया कि यह संस्था उनकी है और बक्सा भी उन्होंने ही वहां रखा था। भास्कर सिंह ने दावा किया कि बक्से पर लगा क्यूआर कोड अयोध्या के यूको बैंक का है। उन्होंने बताया कि खाता अभी भी सक्रिय है, लेकिन क्यूआर कोड पुराना है और डिएक्टिवेट हो चुका है। अयोध्या पुलिस अब इस बक्से की भी गहनता से जांच कर रही है और इस बक्से की योग केंद्र में रखे जाने की वजह ढूंढ रही है।
रामराज्य कोष बक्से को लेकर वॉलंटियर सुंदरलाल ने बताया, "यह डोनेशन बॉक्स 2017-18 का है, जब राम मंदिर के निर्माण के लिए विवेक सृष्टि से राम जन्मभूमि तक 71 दिनों की यात्रा निकाली गई थी। उसी यात्रा के दौरान गुरुजी (अविनाश) को डोनेशन का पैसा इकट्ठा करने के लिए यह बॉक्स मिला था। तब से यह बॉक्स गुरुजी के पास ही है।"
वहीं, दूसरी ओर फैजाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में वकीलों ने गुरुवार यानी आज 12 बजे राजमन्मभूमि थाने में याचिका दर्ज करने का फैसला किया। इस याचिका में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, अनिल मिश्रा और व्यवस्थापक गोपाल राव के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की जाएगी।
इस बीच, जांच अधिकारी और सर्कल ऑफिसर आशुतोष तिवारी ने बुधवार को आरोपी अविनाश शुक्ला की पुलिस कस्टडी की मांग की। जांच अधिकारी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विशेष न्यायाधीश रजत वर्मा की अदालत में 48 घंटे की पुलिस कस्टडी के लिए अर्जी दाखिल की है।
विशेष अभियोजन अधिकारी संजय दुबे ने बताया कि सोमवार को अविनाश शुक्ल की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई। इस दौरान आरोपित अविनाश शुक्ल ने कोर्ट से अपने बचाव के लिए वकील उपलब्ध कराने की मांग की। कोर्ट ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव को पत्र जारी कर आरोपित अविनाश शुक्ल को विधिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
पुलिस कस्टडी की मांग को लेकर आरोपित की याचिका पर सुनवाई गुरुवार को होगी। जांच अधिकारी ने पिछले सोमवार को कोर्ट से जेल में अविनाश से पूछताछ करने की इजाजत मांगी थी। राम मंदिर चढ़ावे में हेराफेरी के मामले में आरोपी अविनाश शुक्ला से लगभग दो घंटे तक पूछताछ की गई। जांचकर्ताओं ने इससे पहले 5 जून को जांच के दौरान उसके घर से निवेश से जुड़े कई दस्तावेज और शुक्ला के पास से ₹20 लाख बरामद किए थे। उसी के अकाउंट से ट्रस्ट के अकाउंट में ₹5 लाख वापस किए गए।