राम मंदिर के निर्माण का काम पूरा! इस दिन होगा भव्य आयोजन, चंपत राय ने बताया प्लान

Shri Ram Mandir News: ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के अनुसार अयोध्या में 25 नवंबर को राम विवाह पंचमी का दिन मंदिर ध्वजारोहण होगा। इस कार्यक्रम में राजनेता समेत राम भक्त शामिल होंगे।
Ram Mandir News
राम मंदिर (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Ayodhya News: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने राम मंदिर को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। चंपत राय ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण काम लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि मंदिर में भगवान श्रीराम की मूर्ति स्थापित कर दी गई है तथा प्राण प्रतिष्ठा का कार्य भी संपन्न हो गया है। अब सिर्फ अंतिम कार्यक्रम के रूप में ध्वजारोहण बचा है।

चंपत राय ने बताया कि हम 25 नवंबर को राम विवाह पंचमी के अवसर पर ध्वजारोहण पर विचार कर रहे हैं और इसकी तैयारी भी कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि यह तिथि इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि राम विवाह पंचमी का धार्मिक महत्व भी है। इस दिन भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का पावन पर्व मनाया जाता है, जो की मर्यादा और संस्कार का प्रतीक माना जाता है।

अंतिम चरण में निर्माण कार्य

ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से अपने अंतिम चरण की तरफ बढ़ रहा है। जनवरी 2024 में प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही मंदिर का उद्घाटन हो चुका था और तब से देश-विदेश से लाखों लोग दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। अब मंदिर की मुख्य संरचना पूरी तरह तैयार होने पर ट्रस्ट अंतिम धार्मिक अनुष्ठानों की योजना बना रहा है।

क्यों खास है ध्वजारोहण?

बता दें कि ध्वजारोहण को मंदिर की पूर्णता का प्रतीक माना जाता है। ये न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह एक संदेश भी देता है कि मंदिर निर्माण का सपना पूरी तरह साकार हो चुका है। राम विवाह पंचमी पर इस कार्यक्रम का आयोजन करने से इस उत्सव का महत्व और बढ़ जाएगा।

अयोध्या में अनुष्ठान की तैयारियां तेज

चंपत राय के मुताबिक अयोध्या में इस अवसर पर बड़े पैमाने पर धार्मिक आयोजन की तैयारी है। लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन तथा ट्रस्ट मिलकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर काम कर रहे हैं। शहर को रामनगरी की भव्यता के हिसाब से सजाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ध्वजारोहण के इस कार्यक्रम के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा एक नए अध्याय में प्रवेश करने वाली है। रामलला के भक्तों के लिए ये दिन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि सांस्कृतिक गौरव का भी प्रतीक बनेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com