

Abhishek Banerjee Attack Update: पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में नया ट्विस्ट आ गया है। तृणमूल कांग्रेस के सांसद पर हमले के मामले में गिरफ्तार किए गए पांच लोग टीएमसी की पूर्व विधायक और इस चुनाव में प्रत्याशी रहीं लवली मैत्रा के करीबी बताए जा रहे हैं। लवली मैत्रा 2021 विधानसभा चुनाव में सोनारपुर दक्षिण से विधायक बनी थीं। इस बार भी तृणमूल कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताते हुए टिकट दिया था, लेकिन वो भाजपा की रूपा गांगुली के सामने हार गईं।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बंगाल पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के ऊपर हुए हमले के वीडियो के आधार पर पांच लोगों को अरेस्ट किया है। इनकी पहचान तपन मैती, निर्मल्य सेनगुप्ता उर्फ जॉय, काजल दास, देबासिस दत्ता और आकाश गायन के तौर पर हुई है। खबरों के मुताबिक निर्मल्य और तपन टीएमसी की पूर्व विधायक और विधानसभा चुनाव में रूपा गांगुली से चुनाव हारने वाली लवली मैत्रा के करीबी हैं। इसके साथ ही पुलिस ने काजल दास और देबासिस दत्ता के तार भी टीएमसी की पूर्व विधायक से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।
इस हमले में सबसे बड़ा नाम आकाश गयान का है। उसके परिवार का कहना है कि उनका बेटा टीएमसी का नियमित कार्यकर्ता था और वो इस चुनाव में लगातार टीएमसी की बूथ लेवल मीटिंग्स में भी जाता रहता था। आकाश की मां ने बताया कि शनिवार दोपहर की घटना के बाद वो हमेशा की तरह ही घर आया और खाना खाकर मैदान में फुटबॉल खेलने के लिए चला गया। इसके बाद रात में पुलिस ने उसको अरेस्ट कर लिया। वहीं, पुलिस ने अब तक परिवार को आकाश को अरेस्ट करने का कोई कारण नहीं बताया है।
मालूम हो कि शनिवार को टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी चुनावी हिंसा में मारे गए कार्यकर्ता के घर पहुंचे थे। इसी दौरान उन पर जानलेवा हमला किया गया था। उनके ऊपर अंडे और पत्थर मारे गए थे। साथ में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उनको हेलमेट पहना कर बचाने की कोशिश की लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों ने उनको खींच लिया और उनके साथ मारपीट की।
इस दौरान अभिषेक बनर्जी की शर्ट भी फट गई। इसके बाद भी वो कार्यकर्ता के घर पहुंचे और उसके परिवार के साथ समय बिताया। अभिषेक बनर्जी समेत टीएमसी के कई नेताओं ने इस घटना का आरोप बीजेपी के ऊपर लगाया है। दूसरी तरफ भाजपा ने टीएमसी पर पलटवार करते हुए इसे लोगों के 15 साल के गुस्से का नतीजा बताया।