पवन खेड़ा हैदराबाद भाग गया...हिमंत सरमा का बड़ा दावा, असम पुलिस बोली- कहीं भी हों, हम खोज लेंगे

Pawan Khera News: कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के घर असम पुलिस की छापेमारी। सीएम हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी पर विदेशी पासपोर्ट और संपत्ति के आरोपों के बाद बढ़ी कानूनी मुश्किलें। खेड़ा फिलहाल लापता।
pawan khera
पवन खेड़ा(Image- IANS)
Published on
Updated on

Pawan Khera Assam Police Raid: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर लगाए गए आरोपों को लेकर मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। इस मामले में असम पुलिस की टीम मंगलवार सुबह दिल्ली पहुंची और खेड़ा के आवास पर छानबीन की। इस दौरान दिल्ली पुलिस भी उनके साथ मौजूद रही। हालांकि, जानकारी के मुताबिक खेड़ा उस समय घर पर नहीं थे।

असम पुलिस ने मीडिया से कहा कि एक केस दर्ज किया गया है और उसी के सिलसिले में वे पवन खेड़ा की तलाश में आए थे। पुलिस ने बताया कि आवास की तलाशी ली गई और कुछ चीजें बरामद हुई हैं, लेकिन उनका खुलासा फिलहाल नहीं किया जा सकता। साथ ही पुलिस ने कहा कि उन्हें अभी खेड़ा की लोकेशन की जानकारी नहीं है, लेकिन वे उन्हें ढूंढ लेंगे।

कांग्रेस ने भी बोला हमला

उधर, हिमंत बिस्व सरमा ने दावा किया कि पवन खेड़ा हैदराबाद चले गए हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से सुप्रिया श्रीनेत ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन पर खुद भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं और वे घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि धमकी देने के बजाय लगाए गए आरोपों का जवाब देना चाहिए।

क्या है पूरा मामला?

विवाद की शुरुआत तब हुई जब पवन खेड़ा ने रविवार को रिनिकी भुइयां सरमा पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उनके पास संयुक्त अरब अमीरात, एंटीगुआ और बारबुडा और मिस्र के पासपोर्ट हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दुबई में उनकी संपत्तियां हैं, जिनका जिक्र चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया।

इन आरोपों पर रिनिकी सरमा ने पलटवार करते हुए उन्हें “मनगढ़ंत” और “खराब तरीके से तैयार” दस्तावेजों पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि साझा किए गए दस्तावेजों में कई खामियां हैं और पवन खेड़ा पर बिना जांच के फर्जी जानकारी फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, हिमंत बिस्व सरमा ने भी आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इन्हें “दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित” बताया। उन्होंने कहा कि वह और उनकी पत्नी 48 घंटे के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी, दोनों तरह के मानहानि के मुकदमे दायर करेंगे और उन्हें उनके बयानों के लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com