बंगाल के बाद वक्फ कानून को लेकर सुलगा एक और राज्य, हिंसा में 18 पुलिसकर्मी जख्मी
Waqf Act: त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में शनिवार को वक्फ कानून वापस लेने की मांग को लेकर हिंसक प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई की और उन पर पथराव किया।
- Written By: अर्पित शुक्ला
बंगाल के बाद वक्फ कानून को लेकर सुलगा एक और राज्य, हिंसा में 18 पुलिसकर्मी जख्मी
अगरतला: त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में शनिवार को वक्फ (संशोधन) अधिनियम को वापस लेने की मांग को लेकर आयोजित विरोध रैली के हिंसक हो जाने के बाद एक एसडीपीओ सहित कम से कम 18 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। कुबजर इलाके में हुई हिंसा में घायल पुलिसकर्मियों में कैलाशहर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) जयंत कर्माकर भी शामिल हैं। पुलिसकर्मियों पर हमले में कथित संलिप्तता के लिए आठ प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।
कांग्रेस के उनाकोटी जिला अध्यक्ष मोहम्मद बदरुज्जमां की अगुवाई में ‘संयुक्त आंदोलन समिति’ के बैनर तले लगभग 4,000 लोगों ने अधिनियम को रद्द करने की मांग को लेकर रैली निकाली। कैलाशहर पुलिस थाने के प्रभारी सुकांत सेन चौधरी ने बताया, ‘‘प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प हुई। जल्द ही स्थिति हिंसक हो गई और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर और बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। हमले में एसडीपीओ जयंत कर्माकर समेत कम से कम 18 पुलिसकर्मी घायल हो गए।”
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने हिंसक प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने पुलिसकर्मियों पर हमले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की है। अब तक इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। विस्तृत जांच जारी है।”
सम्बंधित ख़बरें
भारत को मिले वीटो पावर…पोलैंड के इस बड़े बयान से UN में मची खलबली, चीन की छाती पर सांप लोटना तय
बांकीपुर में JJD उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द, भड़के तेज प्रताप यादव; बोले- यह सरकार की साजिश
20 साल बाद कोलकाता आएंगी बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन, सत्ता परिवर्तन के बाद बंगाल में हो रही वापसी
बीमारू मानसिकता छोड़ देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्था बना उत्तर प्रदेश, योगी ने गिनाई 9 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियां
बदनाम करने के लिए हिंसा
बाद में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बदरुज्जमां ने दावा किया कि उन्होंने शांतिपूर्ण रैली का आयोजन किया था। बदरुज्जमां ने कहा, ‘‘लेकिन निहित स्वार्थ वाले एक समूह ने हमें बदनाम करने के लिए हमारी शांतिपूर्ण रैली को हिंसक बना दिया। हम वक्फ (संशोधन) अधिनियम को वापस लेने की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेंगे।”
बंगाल में बवाल
मुर्शिदाबाद में शुक्रवार को हुई हिंसा के निशान मिटने से पहले ही शनिवार को फिर हिंसा भड़क गई। इस हिंसा में पिता-पुत्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई।जिसको लेकर बंगाल में बवाल मचा हुआ है।
पश्चिम बंगाल से संबंधित सभी बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आपको बता दें कि शुक्रवार को मुर्शिदाबाद के सुती में हिंसा की शुरुआत हुई थी। जुमे की नमाज के बाद हजारों लोग वक्फ कानून के खिलाफ सड़कों पर उतर आए और एनएच-34 को जाम कर दिया। पुलिस ने जब नेशनल हाईवे से नाकाबंदी हटाने की कोशिश की तो पुलिस और भीड़ के बीच झड़प हो गई।
