एंटी पेपर लीक बिल पास होने पर अमित शाह ने छात्रों को दी बधाई, बोले- दोषियों को नहीं बख्शेंगे

Amit Shah Congratulates Students: लोकसभा से एंटी पेपर लीक संशोधन बिल पास होने पर अमित शाह ने छात्रों को बधाई दी है। बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Amit Shah congratulates students on the passing of the anti-paper leak bill; says the guilty will not be spared.
अमित शाह (सोर्स- IANS)
Updated on

Anti Paper Leak Bill 2026: लोकसभा से बुधवार को जोरदार हंगामे के बीच एंटी पेपर लीक संसोधन बिल पास हो गया। हंगामें के बाद लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। बिल पास होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छात्रों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को खतरे में डालने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी। शाह ने कहा कि इस विधेयक में सार्वजनिक परीक्षाओं की पवित्रता को भंग करने की हिम्मत करने वालों के लिए सबसे कठोर सजा के कड़े प्रावधान हैं।

अमित शाह ने छात्रों को दी बधाई

लोकसभा में बिल पास होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया। छात्रों को बधाई देते हुए शाह ने लिखा कि आज लोकसभा में 'पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' के पारित होने पर भारत के सभी छात्रों को बधाई। उन्होंने बताया कि यह विधेयक सार्वजनिक परीक्षाओं की पवित्रता को भंग करने की हिम्मत करने वालों के लिए सबसे कठोर सजा के कड़े प्रावधान करके हमारे युवाओं के सपनों और आकांक्षाओं की रक्षा करता है।

आगे उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हमारे छात्रों के भविष्य को खतरे में डालने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी और यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी कि उन्हें कानून की पूरी सख्ती का सामना करना पड़े।

ध्वनिमत से पास हुआ बिल

लोकसभा में बुधवार को पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 ध्वनिमत से पारित हो गया। साथ ही, विधेयक पर लंबी चर्चा के बाद सदन की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विधेयक पर चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने विपक्ष, विशेषकर लोकसभा में विपक्ष के नेता के रवैये पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण विधेयक पर सार्थक सुझाव देने के बजाय विपक्ष इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहा है।

राहुल के आरोप पर लोकसभा में जोरदार हंगामा

लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और 20 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर कई तीखी टिप्पणी कीं। इस पर जमकर हंगामा हुआ। राहुल गांधी के बयान पर सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध किया। राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्रालय को आरएसएस द्वारा चलाने पर आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि देश के हर विश्वविद्यालय में आरएसएस से जुड़े कुलपति नियुक्त किए जा रहे हैं। इसके बाद 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई का राहुल गांधी ने मुद्दा उठाया। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री पर छात्रों पर पैलेट गन चलाने के आदेश देने का आरोप लगाया।

Navbharat Live
navbharatlive.com