'पूजा पाल को BJP वाले मार देंगे, हम लोग जाएंगे जेल', अखिलेश यादव के बयान से यूपी में सियासी उबाल

UP News: सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा सरकार जांच करे और हम उत्तर प्रदेश की सरकार पर भरोसा नहीं कर सकते इसीलिए यह पत्र हम लोगों ने दिल्ली की सरकार को गृह मंत्री को लिखा है।
pooja pal akhilesh yogi
पूजा पाल, CM योगी और अखिलेश यादव
Published on
Updated on

Akhilesh Yadav on Pooja Pal: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधायक पूजा पाल के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुझे यह बात समझ में नहीं आ रही है कि जब उन्होंने सीएम से मुलाकात कर ली है तो फिर किस बात का डर लग रहा है? उनके प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली की सरकार को पत्र लिख रहे हैं, जिसमें यह मांग की जा रही है कि कौन ऐसे संगठन हैं, इनकी जांच कराई जाए। ये बात मैं समझ नहीं पा रहा हूं। अरे भाई यहां हम लोग जेल चले जाएंगे, भाई मार देंगे बीजेपी वाले।

सपा प्रमुख ने कहा कि पूरे यूपी में किसान खाद के लिए आज लाइन लगाकर खड़ा है, लेकिन सरकार चुप है। कई जगह बुजुर्ग किसानों की जान चली गई है। ऐसे में सरकार को बताना चाहिए कि खाद कहां पर है। कई स्थानों पर जंगली जानवर बच्चों और किसानों को अपना शिकार बना रहे हैं। बिजनौर, कालागढ़, नवाबगंज और खीरी में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं।

चुनाव आयोग डीएम के पीछे और डीएम चुनाव आयोग के पीछे

यह सरकार झूठ बोलती है। सुनने में आया है कि स्कूल मर्ज होने पर जो हमारे साथी पीडीए पाठशाला चला रहे थे और उस पाठशाला में जिन लोगों ने अपने बच्चों को भेजा है, सरकार उन पर भी एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग डीएम के पीछे और डीएम चुनाव आयोग के पीछे छिप रहे हैं। चुनाव आयोग को 18,000 एफिडेविट सौंपे गए थे, उनमें से केवल 14 का ही जवाब आया है। सपा प्रमुख ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री को पता था कि एक दिन ऐसा विधेयक आएगा। इसी कारण मुख्यमंत्री बनते ही उन्होंने सबसे पहले अपने ऊपर से मुकदमे वापस लिए और यहां तक कि डिप्टी सीएम के ऊपर से भी मुकदमा वापस ले लिया।

'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल होंगे अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि वे 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग कोई भी गलत काम करें, कोई एक्शन नहीं लिया जाएगा। समाजवादी सरकार बनने पर दिव्यांगों को उनका हक मिलेगा। हमारी सरकार दिव्यांगों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर देने के साथ ही ग्राम पंचायत और शहर में दुकानों का आवंटन करेगी। सरकार ने दिव्यांगों से बड़े-बड़े वादे किए थे, मगर कोई वादा पूरा नहीं कर पाई। योजनाएं बनी भी तो इन तक नहीं पहुंच पाई। जिसके चलते इन्हें हर दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने शकुंतला मिश्रा यूनिवर्सिटी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। उन्हें हॉस्टल से निकाला जा रहा है और खाना सही तरीके से नहीं मिल रहा है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com