ब्रेकिंग न्यूज (कॉन्सेप्ट फोटो)
07 Apr 2026 10:05 AM (IST)
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती को राज्य की राजधानी के रूप में आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया है। उन्होंने गजट अधिसूचना साझा करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। सरकार के इस कदम को राज्य के प्रशासनिक ढांचे को स्थिर करने की दिशा में बड़ा फैसला माना जा रहा है।
07 Apr 2026 08:40 AM (IST)
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर खड़गपुर सदर सीट से बीजेपी उम्मीदवार दिलीप घोष ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अब तक कांग्रेस का कोई वजूद ही नजर नहीं आ रहा था और वह सिर्फ आंतरिक कलह में उलझी हुई थी। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए दिलीप घोष ने कहा कि वह हर जगह जाते हैं, लेकिन उनके दौरे के नतीजे क्या होते हैं, यह सभी जानते हैं।
07 Apr 2026 08:08 AM (IST)
मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में स्थित ट्रोंगलाओबी अवांग लेइकाई में मंगलवार तड़के बम विस्फोट में दो बच्चों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार, विस्फोट एक घर के अंदर हुआ, जहां एक महिला और उसके दो बच्चे सो रहे थे। विस्फोट में 5 वर्षीय लड़के और उसकी 5 महीने की बहन की मौके पर ही मौत हो गई। मां को मामूली चोटें आईं हैं। इस हमले को कुकी उग्रवादियों द्वारा अंजाम दिए जाने का संदेह है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।
07 Apr 2026 07:37 AM (IST)
एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कैंपबेल विल्सन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद कंपनी में बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। फिलहाल इस्तीफे के पीछे की वजहों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।
07 Apr 2026 07:07 AM (IST)
मतदान का दिन जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, राज्य में मंगलवार (7 अप्रैल) शाम से 48 घंटे की कड़ी निगरानी वाली 'शांत अवधि' शुरू होगी, क्योंकि अधिकारी एक स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रहे हैं। केरल में गुरुवार को 140 नए विधायकों के चुनाव के लिए मतदान होगा और वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
07 Apr 2026 07:03 AM (IST)
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के तहत नैहाटी पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है। थाना प्रभारी पर आरोप है कि वे नामांकन प्रक्रिया के दौरान नैहाटी नगरपालिका के चेयरमैन को एसडीओ ऑफिस ले गए थे। चुनाव आयोग के एक अंदरूनी सूत्र ने सोमवार को यह जानकारी दी। चुनाव आयोग का यह कदम तब उठाया जब भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने इस घटना को उजागर किया और सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए पोल पैनल से कार्रवाई करने की अपील की।
Breaking News Live: असम, केरल और पुडुचेरी में मंगलवार को चुनाव प्रचार थम जाएगा। इन दोनों राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 9 अप्रैल को मतदान होना है, जिसके चलते सभी राजनीतिक दलों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं, तमिलनाडु में सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। राज्य की 234 विधानसभा सीटों के लिए 7 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए हैं। नामांकन के आखिरी दिन एआईएडीएमके प्रमुख एडप्पाडी के. पलानीस्वामी, बीजेपी के एल. मुरुगन, तमिलिसाई सुंदरराजन और वनथी श्रीनिवासन समेत कई दिग्गज नेताओं ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अप्रैल तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा।