आज की ताजा खबर 20 जून: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी खबरें

Aaj Ki Taza Khabar: आज 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त मिलेगी। वहीं पीएम मोदी पश्चिम बंगाल में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
aaj ki taaja khabar 20 june 2026 live updates today latest and breaking news
आज की ताजा खबर (डिजाइन फोटो)

Breaking News Today: 20 जून 2026 को देश में राजनीति, विकास, कृषि और जनकल्याण से जुड़े कई अहम कार्यक्रम होने जा रहे हैं, जिन पर पूरे देश की नजर बनी हुई है। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद पहली बार राज्य स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जबकि किसानों को भी बड़ी सौगात मिलने वाली है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार पहली बार पश्चिम बंगाल दिवस का आयोजन करेगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हुगली में आयोजित समारोह में हिस्सा लेंगे और रेलवे, कृषि तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती: प्रधानमंत्री मोदी तारकेश्वर में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर उनकी 125 फीट ऊंची प्रस्तावित प्रतिमा के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

हावड़ा ब्रिज पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर ड्रोन शो

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर हावड़ा ब्रिज पर ड्रोन शो चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल कोलकाता के रेड रोड पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल होंगे।

BJP अध्यक्ष का जालंधर में रोड शो

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जालंधर में रोड शो किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ भी मौजूद रहे।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोलकाता में उत्सव जैसा माहौल

कोलकाता में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्य कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के लिए पार्क स्ट्रीट पर एक विशाल डिजिटल स्क्रीन लगाई गई है। वहीं, जवाहरलाल नेहरू रोड चौराहे को आकर्षक सजावटी और लेजर लाइटों से रोशन किया गया है, जिससे शहर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दे रहा है।

सुप्रिया सुले की बेटी की शादी में पहुंचे राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, NCP (SCP) सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले की शादी में शामिल होने के लिए जियो कन्वेंशन सेंटर पहुंचे।

लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित हुईं पीटी उषा

दिल्ली में एथलीट और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने इंडियन एथलेटिक्स अवार्ड्स में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। उन्होंने कहा, यह मेरे लिए गर्व का पल है। मुझे इस लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के लिए चुनने के लिए धन्यवाद।

सुप्रिया सुले की बेटी की शादी में पहुंचे मुकेश अंबानी

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी, रिलायंस फ़ाउंडेशन की संस्थापक और अध्यक्ष नीता अंबानी, NCP (SCP) सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जियो कन्वेंशन सेंटर पहुंचे।

राज ठाकरे का बयान अनुचित: महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष

महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने बागी शिवसेना (UBT) सांसदों पर कहा, इसपर लोकसभा स्पीकर निर्णय लेंगे। MNS प्रमुख राज ठाकरे के बयान पर उन्होंने कहा, ऐसे बयानों पर टिप्पणी करना मैं उचित नहीं समझता। अमित शाह इस देश को आगे लेकर जाने वाले नेता हैं। उद्धव ठाकरे के बयान पर उन्होंने कहा, यह उनकी अंदरूनी बात है, उन्हें तय करने दीजिए कि कौन अध्यक्ष बनेगा।

झांसी में CM योगी ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी जनपद में कानून व्यवस्था के संबंध में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

परभणी हादसे में अब तक 7 श्रद्धालुओं की मौत

महाराष्ट्र के परभणी के हनुमान मंदिर हादसे में अब तक 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि 32 जख्मी हुए हैं। घायलों का इलाज जारी है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शिलांग में वायु सेना कर्मियों से की मुलाकात

मेघालय के शिलांग में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लैतकोर पीक के 509 सिग्नल यूनिट (SU) में वायु सेना कर्मियों से मुलाकात की।

बंगाल में बिजली की रफ्तार से हो रहे फैसले: PM मोदी

पश्चिम बंगाल के हुगली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बंगाल में दशकों तक पहले लेफ्ट और फिर TMC ने जो गड्ढे बनाए, उन्हें भरने के लिए डबल इंजन सरकार ने सुपरफास्ट गति से काम करना शुरू कर दिया है। बिजली की रफ्तार से फैसले हो रहे हैं। रुकी हुई योजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में आज यहां सैकड़ों करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में चलाया संगठन सृजन अभियान

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, संगठन सृजन अभियान के तहत सभी राज्यों में नवनिर्वाचित जिलाध्यक्षों के साथ हम व्यापक ट्रेनिंग कैंप लगा रहे हैं। कल लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रायपुर आएंगे। संगठन के सभी जिलाध्यक्षों को बुलाया है। नौजवानों के प्रति राहुल गांधी संकल्पित हैं। हमारी पार्टी नौजवान वर्ग के भविष्य की चिंता कर रही है। हम भाजपा के शासन पर इतना दबाव डालें कि वो सही कदम लेने को मजबूर हो जाएं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन पर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने रेत से बनाई कलाकृति

मशहूर सैंड आर्टिस्ट और पद्म श्री से सम्मानित सुदर्शन पटनायक ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन के मौके पर पुरी बीच पर रेत से एक खास कलाकृति बनाई।

योगी सरकार पर लोगों का भरोसा हुआ कम: समाजवादी पार्टी

समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर डोनेशन केस में SIT जांच को लेकर कहा, योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। वे अभी परेशान हैं क्योंकि अखिलेश यादव पर लोगों का भरोसा बढ़ा है, जबकि योगी सरकार पर भरोसा कम हुआ है। वे अब घबराए हुए हैं। यह एक बहुत बड़ी लूट है; लाखों भक्तों और श्रीराम में आस्था रखने वाले लोगों के चढ़ावे को लूटा गया है। कोई भी इसे दबा नहीं पाएगा। वे दिसंबर में चुनाव कराना चाहते हैं। उन्हें पता है कि इस बार उन्हें बहुत बुरे नतीजे का सामना करना पड़ेगा।

NEET री-एग्जाम के पहले मॉक ड्रिल शुरू

NEET री-एग्जाम की तैयारियों के तहत मॉक ड्रिल शुरू हो गई है। सीसीटीवी कैमरे, घड़ियां, मेटल डिटेक्टर समेत अन्य जरूरी सामग्री परीक्षा केंद्रों पर पहुंच चुकी है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रिटायर्ड आर्मी अधिकारियों को ऑब्जर्वर के रूप में नियुक्त किया गया है।

रत्नागिरी में समुद्र में डूबे 5 पर्यटक

रत्नागिरी जिले के गणपतिपुले में एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें छत्रपति संभाजीनगर जिले के पांच पर्यटक समुद्र में डूब गए। बताया जा रहा है कि यह घटना आज सुबह करीब 11 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, समुद्र की स्थिति और लहरों का सही अंदाजा न लगा पाने के कारण यह हादसा हुआ।

तीसरे वनडे में अफगानिस्तान ने जीता टॉस

अफगानिस्तान और भारत के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज का आखिरी मैच चेन्नई के चेपॉक क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। जहां पर अफगानिस्तान के कप्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया है। वहीं, टीम इंडिया ने इस मुकाबले में 3 बड़े बदलाव किए हैं।

इसमें सबसे पहला नाम युवा खिलाड़ी हर्ष दुबे का है, जिनको कुलदीप यादव की जगह मौका दिया गया है। इससे पिछले वाले मैच में आराम दिया गया था। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी को केएल राहुल और प्रसिद्ध कृष्णा को अर्शदीप सिंह की जगह अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के अंतिम मैच में टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई है।

CBI कोर्ट में पेश हुए NCB नेता पद्मसिंह पाटिल

मुख्य आरोपी और पूर्व एनसीपी नेता पद्मसिंह पाटिल (86) को विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया। यह मामला 3 जून 2006 को कांग्रेस नेता पवनराजे निंबालकर और उनके ड्राइवर समद काजी की हत्या से जुड़ा हुआ है।






राम मंदिर मामले में आज SIT रिपोर्ट

अयोध्या राम मंदिर में कथित दान चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी आज अपना अभियान पूरा कर वापस लौट सकती है। सूत्रों के अनुसार, टीम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मामले से जुड़ी अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट भी सौंप सकती है।

एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, विमान पर गिरी बिजली

शुक्रवार को कोलकाता एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टल गया, जब अगरतला जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट तेज तूफान के दौरान बिजली की चपेट में आ गई। घटना के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया और विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की गई। जांच पूरी होने के बाद यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई। सूत्रों के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा एक्शन, टिन्नू यादव समेत कई शख्स जा सकते है जेल

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी बड़े एक्शन की तैयारी चल रही है। चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। इस मामले में टिन्नू यादव समेत कई आरोपी जेल जा सकते हैं। SIT जल्द ही टिन्नू यादव समेत दान की गिनती करने वाले कर्मचारी और कुछ बैंक कर्मचारियों पर कानूनी शिकंजा कर सकती है।

NEET री-एग्जाम में NTA की बड़ी लापरवाही, नागपुर के छात्र को दे दिया UAE का सेंटर

NEET Exam Center Controversy: नागपुर के नीट परीक्षार्थी अब्दुल्ला मोहम्मद को बिना पासपोर्ट के अबू धाबी (UAE) का सेंटर आवंटित कर दिया गया, जिससे एनटीए की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।हालांकि, NTA ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है।

NEET री-एग्जाम की तैयारियां तेज, देशभर में मॉक ड्रिल आयोजित

पटना: NEET री-एग्जाम को पारदर्शी बनाने के लिए देश भर में सुरक्षाबलों की ओर से मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।

खान सर की गिरफ्तारी पर रोक जारी

पटना कोर्ट से खान सर को बड़ी राहत मिली है। अदालत ने फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक बरकरार रखी है, जिससे उन्हें तत्काल कानूनी राहत मिली है।

राजौरी में ऑपरेशन शेरूवाली जारी

राजौरी जिले में चल रहे ‘ऑपरेशन शेरूवाली’ का आज 29वां दिन है। सुरक्षा बल मंजाकोट सेक्टर के गंभीर मुग़लान क्षेत्र स्थित डोरीमल के घने जंगलों में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। यह अभियान अब क्षेत्र में लंबे समय तक चलने वाले प्रमुख आतंकवाद विरोधी अभियानों में शामिल हो गया है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले रूसी दूतावास में हुआ योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से एक दिन पहले दिल्ली स्थित रूसी दूतावास में विशेष योग सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देना है। 21 जून को दुनियाभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा।

मयूरभंज में IGNOU का स्पेशल आदिवासी रीजनल सेंटर शुरू: ओडिशा

ओडिशा के मयूरभंज में इग्नू के विशेष क्षेत्रीय केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रोफेसर उमा कंजिलाल ने कहा कि यह केंद्र राष्ट्रपति की पहल और उनके मार्गदर्शन में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य विशेष रूप से आदिवासी समुदाय के बीच कौशल विकास को बढ़ावा देना है। उनके अनुसार, इग्नू शिक्षा के साथ-साथ युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करने पर भी विशेष ध्यान दे रहा है।

आज से पीएम मोदी का बंगाल दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 और 21 जून को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। दौरे के पहले दिन वह हुगली में आयोजित पश्चिम बंगाल दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान पीएम मोदी रेलवे, कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन और पशुपालन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही वह पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त भी जारी करेंगे, जिससे देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा।

लंदन में रेल हादसे से 1 व्यक्ति की मौत

नॉर्थ लंदन में बड़ा ट्रेन हादसा हुआ है, जिसमें 1 व्यक्ति की मौत और 50 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

दिल्ली के शाहदरा ने बड़ी घटना, घर में लगी भीषण आग

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, शाहदरा की बिहारी कॉलोनी स्थित गली नंबर 7 के एक मकान में आग लगने की घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com