आज की ताजा खबर 15 Aug: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी खबरें

भारत आज अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 12वीं बार लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराए। इस साल का थीम ‘नया भारत’ रखा गया है।
आज की ताजा खबर 15 Aug: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी खबरें

Aaj Ki Taza Khabar: भारत आज अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 12वीं बार लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे। इस साल का थीम ‘नया भारत’ रखा गया है। लाल किले और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। समारोह में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का भी जश्न मनाया जाएगा। वहीं, आज अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अहम मुलाकात होगी। दोनों नेताओं की इस बैठक पर पूरी दुनिया की निगाहें हैं। यह बैठक मुख्य रूप से यूक्रेन युद्ध को लेकर होगी। देश और दुनिया की ताज़ा खबरों के लिए हमारे इस पेज जुड़े रहें।

किश्तवाड़ हादसे मे अभी तक 45 लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चशोती क्षेत्र में 14 अगस्त को बादल फटने के कारण अचानक बाढ़ आ गई। एडिशनल एसपी प्रदीप सिंह के मुताबिक, इस हादसे में 45 लोगों जान चली गई है।

पुतिन ने भारत को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने भारत की सामाजिक, आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी उपलब्धियों की प्रशंसा की और भारत-रूस के विशेष रणनीतिक संबंधों को महत्वपूर्ण बताया। पुतिन ने कहा कि दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाकर क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा और स्थिरता को मजबूत करेंगे।

किश्तवाड़ में अभी भी 500 से अधिक लोग मलबे में फंसे हैं: फारूक अब्दुल्ला

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर JKNC के नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “इस अवसर पर खुशियां हैं, लेकिन दुख भी है। किश्तवाड़ में अभी भी 500 से ज़्यादा लोग मलबे में दबे हुए हैं।” केंद्र शासित प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह के बारे में, उन्होंने कहा, “आंसू भी थे और खुशियां भी थीं। आंसू इसलिए थे क्योंकि मैं भी मुख्यमंत्री था और उस समय भी हमारे यहां अनुच्छेद 370 और 35A लागू था.”

CM उमर से पीएम मोदी ने की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से किश्तवाड़ की स्थिति को लेकर फोन पर बातचीत की। सीएम उमर ने बताया कि प्रधानमंत्री ने हाल की परिस्थितियों और प्रशासन द्वारा किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बादल फटने से प्रभावित लोगों के समर्थन और केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की गई सभी सहायता के लिए आभारी है.

बिहार: SIR को लेकर किसी राजनीतिक दल ने अभी तक नहीं जताई कोई आपत्ति

चुनाव आयोग ने 1 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की थी। अब तक कुल 28,370 दावे और आपत्तियां दर्ज की गई हैं। हालांकि, 15 दिन गुजर जाने के बावजूद किसी भी राजनीतिक दल की तरफ से कोई आपत्ति नहीं आई है।

बिहार: अब प्रतियोगिता पेपर की परीक्षा फीस सिर्फ 100 रुपये लगेगी

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में अपने संबोधन में कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि राज्य में नौकरी पाने के लिए होने वाली प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा का शुल्क अब सिर्फ ₹100 होगा, जबकि मुख्य परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

सीएम उमर अब्दुल्ला ने बलिदान स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर श्रीनगर स्थित बलिदान स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी का अभी तक का सबसे लंबा भाषण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्र को संबोधित करने के बाद वहां से प्रस्थान किया। इस बार उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर अब तक का सबसे लंबा भाषण दिया, जो 104 मिनट तक चला। पिछले वर्ष उनका भाषण 98 मिनट का था। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने लाल किले से कई नई योजनाओं और पहलों का उल्लेख किया।

सुदर्शन चक्र मिशन को लेकर पीएम ने कही ये बात

देश अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए सुदर्शन चक्र मिशन शुरू करने जा रहा है। इस मिशन की प्रेरणा भगवान श्रीकृष्ण से ली गई है। महाभारत युद्ध में श्रीकृष्ण ने सुदर्शन चक्र का उपयोग कर सूर्य के प्रकाश को ढक दिया था, जिससे दिन में अंधेरा छा गया और अर्जुन ने जयद्रथ वध की अपनी प्रतिज्ञा पूरी की थी।

आधुनिक दौर का यह सुदर्शन चक्र मिशन एक अत्याधुनिक और शक्तिशाली सिस्टम होगा, जो न केवल दुश्मन के हमलों को विफल करेगा बल्कि सटीक तरीके से जवाबी हमला भी करेगा। इस परियोजना की रिसर्च और डेवलपमेंट पूरी तरह देश में और देशवासियों की भागीदारी से होगी।

जैसे प्राचीन काल का सुदर्शन चक्र अपने लक्ष्य पर सीधा और सटीक वार करता था, वैसे ही यह मिशन भी प्रिसिजन स्ट्राइक की क्षमता के साथ आगे बढ़ेगा। इस दिशा में पूरे संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ काम करने का वचन दिया गया है।

विश्वभर में युद्ध की प्रकृति बदल रही

पीएम ने कहा कि कल जन्माष्टमी का पावन पर्व है भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव। जब मैं श्रीकृष्ण के बारे में सोचता हूं, तो मन में यह विचार भी आता है कि आज विश्वभर में युद्ध की प्रकृति किस तरह बदल रही है। भारत ने हर नए युद्ध रूप का सामना करने की अपनी क्षमता साबित की है। ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के समय, तकनीक के क्षेत्र में हमारी ताकत स्पष्ट दिखी।

उस दौरान पाकिस्तान ने हमारे सैन्य अड्डों, वायुसेनास्थलों, रक्षा प्रतिष्ठानों, धार्मिक केंद्रों और नागरिक आबादी को निशाना बनाया, लेकिन हमारी सेनाओं ने उनकी मिसाइलों और ड्रोन को सटीक और नियंत्रित तरीके से रोक दिया। पूरे देश ने यह देखा कि पिछले दस वर्षों की मेहनत और तैयारी के कारण, हमारी सेना और तकनीक ने हर हमले को बिना किसी बड़े नुकसान के विफल कर दिया।

‘हाई-पावर डेमोग्राफी मिशन’ की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हाई-पावर डेमोग्राफी मिशन’ की घोषणा करते हुए कहा कि देश के सामने एक गंभीर चिंता और चुनौती खड़ी हो रही है। उनके अनुसार, एक योजनाबद्ध साजिश के तहत भारत की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) को बदला जा रहा है और भविष्य के संकट की नींव रखी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिए देश के युवाओं की रोजगार के अवसर छीन रहे हैं और महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मोदी ने कहा कि ये लोग भोले-भाले आदिवासियों को बहला-फुसलाकर उनकी ज़मीन हड़प रहे हैं, जिसे देश कभी स्वीकार नहीं करेगा। सीमावर्ती इलाकों में जनसंख्या संतुलन में बदलाव राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, और कोई भी देश अपनी सरज़मीं घुसपैठियों के हवाले नहीं कर सकता। इसी वजह से सरकार ने ‘हाई-पावर डेमोग्राफी मिशन’ शुरू करने का निर्णय लिया है।

सीएम नीतीश कुमार ने फहराया तिरंगा

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया।

स्वयंसेवकों ने अपना सम्पूर्ण जीवन अर्पित किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि 100 वर्ष पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना हुई थी। राष्ट्र सेवा के इन 100 वर्षों का सफर एक गौरवमयी और स्वर्णिम अध्याय है। ‘व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ के संकल्प के साथ, माँ भारती की सेवा के लिए स्वयंसेवकों ने अपना सम्पूर्ण जीवन अर्पित किया है। एक दृष्टि से देखा जाए तो RSS विश्व का सबसे बड़ा गैर-सरकारी संगठन है, जिसके पास सेवा और समर्पण का सौ वर्षों का उज्ज्वल इतिहास है।”

'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना' की शुरूआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर घोषणा की कि आज से देश के युवाओं के लिए 1 लाख करोड़ रुपये की 'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोज़गार योजना' शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत निजी क्षेत्र में पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को सरकार की ओर से 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। साथ ही, जो कंपनियां अधिक रोजगार सृजित करेंगी, उन्हें भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मोदी ने बताया कि इस पहल से युवाओं के लिए करीब 3.5 करोड़ नए रोजगार अवसर पैदा होंगे।

किसान, मछुआरे और पशुपालकों के लिए पीएम का खास संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के किसान, मछुआरे और पशुपालकों के हितों के खिलाफ कोई भी नीति आएगी तो वे उसके सामने एक मजबूत दीवार बनकर खड़े रहेंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा फहराया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने आवास पर तिरंगा फहराया।

हमें अपनी ऊर्जा बर्बाद नहीं करनी चाहिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरे लंबे अनुभव से मैं यह कहना चाहता हूं कि हमें किसी और की सफलता या उपलब्धि को कम करने में अपनी ऊर्जा बर्बाद नहीं करनी चाहिए। इसके बजाय, पूरी ताकत अपनी उपलब्धियों को बढ़ाने और आगे बढ़ने में लगानी चाहिए। जब हम ऐसा करेंगे, तो पूरी दुनिया हमारी शक्ति को स्वीकार करेगी।

दुनिया अस्थिरता और चुनौतियों से जूझ रही- मोहन भागवत

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का कहना है कि भारत एक अनोखा देश है, जो पूरी दुनिया में शांति और सुख लाने तथा अपने धर्म के मूल्यों को दूसरों के साथ साझा करने की भावना रखता है। उनका मानना है कि भारत की आज़ादी का उद्देश्य यह था कि देश के हर नागरिक को खुशी, साहस, सुरक्षा, शांति और सम्मान मिल सके। वर्तमान में, दुनिया अस्थिरता और चुनौतियों से जूझ रही है, और पिछले दो हज़ार वर्षों में अनेक प्रयासों के बावजूद उसकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं मिल पाया है। ऐसे समय में भारत का दायित्व है कि वह धार्मिक और आध्यात्मिक सिद्धांतों पर आधारित अपनी दृष्टि के माध्यम से दुनिया को समस्याओं का हल दे और सुख-शांति से भरपूर एक नई व्यवस्था स्थापित करे।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत फहराया तिरंगा

79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भुवनेश्वर स्थित उत्कल बिपन्ना सहायता समिति में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने तिरंगा फहराया।

गगनयान मिशन की तैयारी कर रहा भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत ने अद्वितीय सफलताएं हासिल की हैं, जिन पर पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से वापस लौट आए हैं और कुछ दिनों में भारत पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, आत्मनिर्भर बनने की दिशा में, गगनयान मिशन की तैयारी कर रहा है और अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने पर भी कार्यरत है। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि देश में 300 से अधिक स्टार्टअप केवल अंतरिक्ष क्षेत्र में सक्रिय हैं, जिनमें हज़ारों युवा अपनी पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं। यही हमारे युवाओं की शक्ति और उन पर हमारे विश्वास का प्रतीक है।

'ऑपरेशन सिंदूर' में 'मेड इन इंडिया' की ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' में 'मेड इन इंडिया' की ताकत साफ दिखाई दी। दुश्मन उस आधुनिक गोला-बारूद से चकित थे, जो उन्हें पलक झपकते ही तबाह कर रहा था। उन्होंने सवाल किया कि अगर हम आत्मनिर्भर न होते, तो क्या इतने बड़े पैमाने पर ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दे पाना संभव होता? उन्होंने बताया कि बीते 10 वर्षों में रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को लक्ष्य बनाया गया और आज उसके स्पष्ट नतीजे सामने हैं।

लड़ाकू विमानों के लिए स्वदेशी जेट इंजन विकसित करने की अपील: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वे युवा वैज्ञानिकों, प्रतिभाशाली युवाओं, इंजीनियरों, पेशेवरों और सभी सरकारी विभागों से अपील करते हैं कि देश को अपने ‘मेड इन इंडिया’ लड़ाकू विमानों के लिए स्वदेशी जेट इंजन विकसित करने चाहिए।

असंख्य लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण दिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि असंख्य लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए, अपनी जवानी का बड़ा हिस्सा जेलों में बिताया और पूरा जीवन गुलामी की बेड़ियां तोड़ने में लगा दिया। गुलामी ने हमें न सिर्फ गरीब बनाया, बल्कि दूसरों पर निर्भर भी कर दिया। हमारे किसानों ने अथक परिश्रम और अपना खून-पसीना बहाकर देश के अन्न भंडार भर दिए।

सेमीकंडक्टर के विचार की हो गई भ्रूण हत्या

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब हम तकनीक के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हैं, तो वे विशेष रूप से सेमीकंडक्टर का उदाहरण देना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाल किले से उनका उद्देश्य किसी सरकार की आलोचना करना नहीं है, लेकिन देश के युवाओं को यह सच्चाई जाननी चाहिए। उनके अनुसार, भारत में सेमीकंडक्टर से जुड़ी फ़ाइल पर काम लगभग 50-60 साल पहले शुरू हुआ था और उसी समय सेमीकंडक्टर फैक्ट्री का विचार भी सामने आया था। लेकिन दुर्भाग्य से, 50-60 साल पहले वो विचार वो फाइले अटक गई। सेमीकंडक्टर के विचार की ही भ्रूण हत्या हो गई।

"खून और पानी" एक साथ नहीं बहेगा

पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि भारत अब दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा और मुंहतोड़ जवाब देगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब "खून और पानी" एक साथ नहीं बहेगा। देशवासियों को अब पूरी तरह समझ आ गया है कि सिंधु समझौता कितना एकतरफा और अन्यायपूर्ण है। भारत की नदियों का पानी दुश्मन देशों के खेतों को सींच रहा है, जबकि हमारे अपने खेत प्यासे हैं। यह समझौता पिछले सात दशकों से भारतीय किसानों को भारी नुकसान पहुंचा रहा है। जो पानी हिंदुस्तान का हक है, वह सिर्फ हिंदुस्तान और यहां के किसानों का है। अब भारत इस समझौते को मौजूदा स्वरूप में कतई स्वीकार नहीं करेगा, क्योंकि यह किसान और राष्ट्रहित के खिलाफ है।

लाल किले की प्राचीर से वीर जवानों को सलामी देने का अवसर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "पिछले कुछ दिनों में हम प्राकृतिक आपदाओं, भूस्खलन, बादल फटने और कई अन्य आपदाओं का सामना कर रहे हैं। हमारी संवेदनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। राज्य सरकारें और केंद्र सरकार मिलकर बचाव कार्यों, राहत प्रयासों और पुनर्वास कार्यों में पूरी ताकत से जुटी हैं। आज, लाल किले की प्राचीर से, मुझे ऑपरेशन सिंदूर के वीर सैनिकों को नमन करने का अवसर मिला है।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि लाल किले की प्राचीर से ऑपरेशन सिंदूर के वीर जवानों को सलामी देने का अवसर मिला। इन बहादुर सैनिकों ने दुश्मनों को उनकी सोच से भी परे सजा दी। 22 अप्रैल को पहलगाम में सीमा पार से आए आतंकियों ने जिस तरह का नरसंहार किया लोगों से उनका धर्म पूछकर, पत्नियों और बच्चों के सामने निर्दयता से हत्या की उससे पूरा देश आक्रोश से भर गया। इस भयानक घटना ने पूरे विश्व को स्तब्ध कर दिया।

इसके साथ ही पीएम ने यह भी कहा कि पाकिस्‍तान के आर्मी चीफ फील्‍ड मार्शल आसिम मुनीर के परमाणु हमले का भी करारा जवाब दिया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत न्‍यूक्लियर अटैक के धमकी से डरने वाला नहीं है।

संविधान निर्माताओं को आदरपूर्वक नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज लाल किले की प्राचीर से, मैं देश का मार्गदर्शन करने वाले, देश को दिशा देने वाले संविधान निर्माताओं को आदरपूर्वक नमन करता हूं। आज हम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती भी मना रहे हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारत के संविधान के लिए बलिदान देने वाले देश के पहले महापुरुष थे। संविधान के लिए बलिदान। जब हमने अनुच्छेद 370 की दीवार को ध्वस्त करके एक देश, एक संविधान के मंत्र को जीवंत किया, तो हमने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी। लाल किले पर आज कई विशेष महानुभाव उपस्थित हैं। दूर-दराज के गांवों से आए पंचायत के सदस्य हैं, ड्रोन दीदी के प्रतिनिधि हैं, लखपति दीदी के प्रतिनिधि हैं, खेल जगत के लोग हैं, राष्ट्र और जीवन को कुछ न कुछ देने वाले महानुभाव यहां उपस्थित हैं। एक प्रकार से, मैं यहां अपनी आंखों के सामने एक लघु भारत देख रहा हूं। और आज, लाल किला तकनीक के माध्यम से भारत के साथ भी जुड़ा हुआ है।"

पीएम मोदी का संबोधन शुरू

79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा, "आज़ादी का यह महोत्सव 140 करोड़ देशवासियों के संकल्पों का उत्सव है। आजादी का ये पर्व सामूहिक सिद्धियों, गौरव का पर्व है. देश एकता की भावना को मजबूती दे रहा है. 140 करोड़ देशवासी तिरंगे के रंग में रंगे हैं. हर घर तिरंगा है. भारत के हर कोने से हिमालय हो या रेगिस्तान हो या समुद्र तट हो, हर तरफ एक ही गूंज है- हमारी प्राण से भी प्यारी मातृभूमि का जयगान है.

पीएम मोदी ने लाल किले के प्राचीर से फहराया तिरंगा

पीएम मोदी ने आज 12वीं बार लगातार दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर तिरंगा ध्वज फहराया। इस दौरान आसमान से हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्पवर्षा की गई।

पीएम मोदी का काफिला लाल किले पर पहुंचा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र का नेतृत्व करते हुए लाल किले की प्राचीर पर पहुंचे चुके हैं। उनके साथ रक्षामंत्री राजनाथ भी मौजूद हैं।

राजघाट पहुंचे पीएम मोदी, महात्‍मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पहुंचे और राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे लाल किले जाएंगे, जहां ध्वजारोहण कर देश को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी ने केसरिया पगड़ी धारण की हुई थी।

देश मना रहा 79वां स्वतंत्रता दिवस

प्रधानमंत्री मोदी तिरंगा फहराकर राष्ट्र को संबोधित करेंगे, ‘नया भारत’ थीम के साथ देश 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है।

दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 20 हज़ार पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ AI तकनीक से निगरानी की जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com