ब्रेकिंग न्यूज (कॉन्सेप्ट फोटो)
13 Apr 2026 10:04 AM (IST)
नोएडा की अलग-अलग निजी कंपनियों में काम करने वाले इन कर्मचारियों के भीतर लंबे समय से असंतोष पनप रहा था। इन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे काफी समय से अपनी सैलरी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। सोमवार सुबह इसी गुस्से का विस्फोट सड़क पर देखने को मिला, जब उन्होंने इकट्ठा होकर नारेबाजी शुरू कर दी और देखते ही देखते सेक्टर-60 का मुख्य मार्ग जाम हो गया।
13 Apr 2026 08:31 AM (IST)
हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के खिलाफ देहरादून के डालनवाला पुलिस स्टेशन में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई 1 अप्रैल को डीएवी कॉलेज में आयोजित एक सार्वजनिक सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ी है, जहां सिंगर पर मंच से कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
13 Apr 2026 07:24 AM (IST)
मेरठ की सर्किल ऑफिसर सौम्या अस्थाना ने बताया कि 11-12 अप्रैल की रात टीपी नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवकों ने करीब 8 राउंड हवाई फायरिंग की है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में करीब 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और दो वाहन भी बरामद किए गए हैं।
13 Apr 2026 06:52 AM (IST)
लैंड फॉर जॉब से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की ओर से दायर अपील पर कोर्ट आज सुनवाई करेगा। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल एसआईआर को लेकर दायर याचिका पर भी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। वहीं, लोकसभा और विधानसभाओं में 33 फीसदी महिला आरक्षण कानून को चुनौती देने वाली याचिका पर भी आज शीर्ष अदालत में सुनवाई होगी।
13 Apr 2026 06:48 AM (IST)
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा रविवार और सोमवार की रात धौलाना-गुलावटी हाईवे पर हुआ। बारातियों से भरी एक बस और एक ट्रक के बीच हुई टक्कर में छह लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
Breaking News Today LIVE: पद्म विभूषण और महाराष्ट्र भूषण से सम्मानित पार्श्व गायिका आशा भोसले का रविवार को मुंबई के ब्रिज कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। महाराष्ट्र सरकार ने इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी किया है।
बयान के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर 13 अप्रैल 2026 को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक कासा ग्रांडे को-ऑप हाउसिंग सोसाइटी, सेनापति बापट मार्ग, लोअर परेल, मुंबई में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, जहां लोग श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।
इसके बाद शाम 4:00 बजे स्वर्गीय भागोजी कीर हिंदू श्मशान घाट, शिवाजी पार्क, दादर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इससे पहले, उनके बेटे आनंद भोसले ने जानकारी दी थी कि सोमवार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक उनके निवास स्थान पर भी अंतिम दर्शन की व्यवस्था की गई है।