

जोन्हासबर्ग: जोहान्सबर्ग में चल रहे BRICS के 15वें समिट में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामफोसा ने एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि BRICS में 6 नए देश शामिल होने जा रहे हैं। ये देश ईरान, अर्जेंटीना, इथियोपिया, इजिप्ट, यूएई और सऊदी अरब हैं जो कि BRICS में शामिल होंगे। इस दौरान पीएम मोदी भी मौजूद रहे।
BRICS सदस्य के प्रतिनिधियों के मौजूदगी में मीडिया ब्रीफिंग की
ब्रिक्स देशों के नेताओं ने गुरुवार को अर्जेंटीना, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को समूह के नए सदस्यों के रूप में शामिल करने का फैसला किया, जिससे एक लंबी प्रक्रिया पर मुहर लग गई। इस फैसले की घोषणा दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डा सिल्वा के साथ एक संयुक्त मीडिया ब्रीफिंग में की।
BRICS में कितने देश शामिल हैं?
BRICS में अभी 5 देश हैं।
B से ब्राजील,
R से रूस,
I से इंडिया,
C से चीन और
S से साउथ अफ्रीका शामिल हैं।
अब इसमें 6 और देशों को शामिल होने जा रहे हैं इस तरह से BRICS में अब कुल 11 सदस्य हो जाएंगे। यानी BRICS अब BRICS PLUS हो जाएगा।
नए सदस्य 1 जनवरी, 2024 से ब्रिक्स का हिस्सा बन जाएंगे: रामफोसा
रामफोसा ने घोषणा की कि नए सदस्य 1 जनवरी, 2024 से ब्रिक्स का हिस्सा बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि विस्तार प्रक्रिया के लिए मार्गदर्शक सिद्धांतों, मानदंडों और प्रक्रियाओं को मजबूत करने के बाद नए सदस्यों के बारे में निर्णय पर सहमति बनी। रामफोसा ने जोहानिसबर्ग में समूह के शिखर सम्मेलन के अंत में कहा कि ब्रिक्स विस्तार प्रक्रिया के पहले चरण पर हमारी आम सहमति है। उन्होंने कहा कि हमने अर्जेंटीना, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को ब्रिक्स का पूर्ण सदस्य बनने के लिए आमंत्रित करने का फैसला किया है।
रामफोसा ने कहा कि हम ब्रिक्स के साथ साझेदारी बनाने में अन्य देशों के हितों को महत्व देते हैं और हमने अपने विदेश मंत्रियों को ब्रिक्स साझेदारी मॉडल तथा संभावित देशों (जो समूह में शामिल होना चाहते हैं) की सूची विकसित करने का काम सौंपा है।
BRICS में 40 देशों ने शामिल होने की जताई इच्छा
जोहान्सबर्ग में इस समिट में ब्रिक्स समूह का विस्तार प्रमुख विषय है। 40 से अधिक देशों ने ब्रिक्स में शामिल होने में इच्छा व्यक्त की है जिनमें से 23 देशों ने तो इसकी सदस्यता के लिए आवेदन भी किया है। आवेदन करने वाले देशों में सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अर्जेंटीना शामिल हैं।
भारत BRICS की सदस्यता विस्तार के समर्थन में रहा
इससे पहले पीएम मोदी ने गुरुवार को BRICS के पूर्ण सत्र को संबोधित किया था। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा था कि भारत BRICS के विस्तार का समर्थन करता है। पीएम मोदी ने इस दौरान स्पेस रिसर्च समेत कई क्षेत्रों में BRICS देशों के बीच सहयोग का दायरा और बढ़ाने के लिए 5 सुझाव भी दिए थे।