

Rahul Gandhi News: गणतंत्र दिवस के मौके पर सोमवार को कर्तव्य पथ पर भारतीय सेनाओं के पराक्रम का पुरनूर प्रदर्शन हुआ। लेकिन यहीं पर कुछ ऐसा भी हुआ जिससे नया सियासी बखेड़ा खड़ा हो गया। कांग्रेस ने सोमवार को गणतंत्र दिवस समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को पहली पंक्ति में सीट ना मिलने का विरोध जताया है।
तमिलनाडु से कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने सोशल मीडिया पर 2014 की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें उन्होंने इस बात पर कमेंट किया कि गणतंत्र दिवस समारोह में मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी को आगे की सीटों पर जगह नहीं दी गई। उन्होंने लिखा, 'यह 2014 की तस्वीर है, देखिए तब लाल कृष्ण आडवाणी कहां बैठे थे।'
प्रोटोकॉल पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि अब यह प्रोटोकॉल में चूक क्यों? क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और विपक्ष के नेता राहुल गांधी का अपमान करना चाहते हैं? राहुल गांधी को आगे की सीट न दिए जाने को मुद्दा बनाते हुए पार्टी ने यह भी कहा कि यह शिष्टाचार और मर्यादा का खुला उल्लंघन है और शायद मौजूदा समय में ऐसी उम्मीद करना बहुत ज़्यादा है।
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार को कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड समारोह में शामिल हुए। धनखड़ लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ आगे की पंक्ति में बैठे थे।
इससे पहले खड़गे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ तीसरी पंक्ति में बैठे दिखे थे। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत भी मेहमानों में शामिल थे। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी समारोह में मौजूद थे। बड़ी संख्या में राजनयिक भी उपस्थित थे।
इसके अलाव पीएम मोदी गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव सहित कई केंद्रीय मंत्री भी अन्य वरिष्ठ नौकरशाहों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ समारोह में मौजूद थे।