आंध्र प्रदेश में वर्षाजनित घटनाओं में 20 लोगों की मौत

AP Floods
Photo: Grabbed from Video
Published on: 
Updated on: 

अमरावती (आंध्र प्रदेश). आंध्र प्रदेश (Aandhra Pradesh) में वर्षाजनित घटनाओं में मरने वालों की संख्या 20 हो गई है, वहीं कडप्पा और अनंतपुरामु जिलों में शुक्रवार से 15 से ज्यादा लोग लापता हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को कडप्पा जिले में चेयेरू नदी में बाढ़ में 30 से अधिक लोग बह गए थे। शनिवार देर शाम तक 12 से अधिक लोगों के शव निकाले गए।

सूत्रों ने कहा कि शेष लोगों का पता लगाना कठिन काम साबित हो रहा है क्योंकि बाढ़ के कारण नदी में दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी बह रहा है। अनंतपुरामु जिले के कादिरी शहर में मूसलाधार बारिश के बीच एक निर्माणाधीन मकान ढहने से दो बच्चों समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। मलबे से चार लोग सुरक्षित निकाल लिए गए लेकिन कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है।

https://twitter.com/ANI/status/1462048807995121668

नेहरू युवा केंद्र संगठन के उपाध्यक्ष विष्णुवर्धन रेड्डी ने लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और घटना के लिए अवैध निर्माण को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार कादिरी नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी ने कडप्पा, अनंतपुरामु और चित्तूर जिलों में क्षति का आकलन करने के लिए हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने कडप्पा और चित्तूर के जिलाधिकारियों से बात की और नुकसान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ का पानी उतरते ही फसल के नुकसान का आंकलन करने को कहा है।

https://twitter.com/ANI/status/1462047713021677570

सरकार ने बाढ़ में मरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। एसपीएस नेल्लोर जिला भी काफी प्रभावित हुआ है, जहां पेन्नार नदी में बाढ़ के कारण शनिवार को कई गांव जलमग्न हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एसपीएस नेल्लोर जिले में हजारों लोगों को राहत शिविरों में स्थानांतरित किया गया है।

https://twitter.com/ANI/status/1462017934226690050

जिलों में बचाव और राहत अभियानों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को तैनात किया गया है। दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) के महाप्रबंधक गजानन माल्या ने नंदलुरु-राजमपेट खंड का निरीक्षण किया, जहां चेयेरू में बाढ़ के प्रभाव में रेलवे ट्रैक बह गया था। एससीआर ने एक विज्ञप्ति में कहा कि ट्रैक की मरम्मत का काम किया जा रहा है। इस बीच, विजयवाड़ा मंडल के नेल्लोर-पादुगुपाडु खंड में रेलवे लाइन पर पानी भर जाने के कारण शनिवार और रविवार को कम से कम 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। (एजेंसी इनपुट के साथ) 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com