छत्तीसगढ़ के कवर्धा में भीषण सड़क हादसा, पिकअप वाहन पलटने से 18 लोगों की मौत, 4 घायल

छत्तीसगढ़ केकवर्धा इलाके के पास एक पिकअप वाहन पलटने से 17 लोगों की मौत हो गई।
18 people died after a pick-up vehicle overturned Kawardha Chhattisgarh
कवर्धा में पिकअप वाहन पलटने से 18 लोगों की मौत (सौजन्यः एक्स)
Published on: 
Updated on: 

रायपुर: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh Accident) के कवर्धा (Kawardha) में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। यहां एक पिकअप वाहन पलटने से 18 लोगों की मौत हो गई। जबकि 4 लोग घायल हो गए है, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, कवर्धा एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि कवर्धा इलाके के पास एक पिकअप वाहन पलटने से 18 लोगों की मौत हो गई। 4 लोग घायल हो गए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार लोग तेंदूपत्ता तोड़कर वापस लौट रहे थे। बाहपानी के पास खाई में पिकअप जा गिरी। पिकअप में 25-30 सवार लोग थे। 18 लोगों की मौके पर मौत हो गई। सभी कुई के रहने वाले बताये जा रहे है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर शोक जताते हुए लिखा, ''छत्तीसगढ़ के कवर्धा में हुआ सड़क हादसा बेहद दर्दनाक है। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।"

सीएम विष्णुदेव साय ने घटना पर जताया शोक

सूबे के सीएम विष्णुदेव साय ने घटना पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास पिकअप पलटने से 18 ग्रामीणों के निधन एवं 4 के घायल होने का दुःखद समाचार प्राप्त हो रहा है। घायलों के बेहतर इलाज के आवश्यक निर्देश ज़िला प्रशासन को दिए गए है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिवार के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।

छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने घटना पर शोक जताते हुए कहा कि कवर्धा में मजदूरों से भरी पिकअप वाहन पलटने से 15 लोगों के निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाहपानी गांव के करीब दोपहर बाद लगभग 1:45 बजे वाहन के बंजारी घाट में गिरने से 18 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 17 महिलाएं हैं। उन्होंने बताया कि कुई गांव के रहने वाले ग्रामीण तेंदूपत्ता एकत्र करने जंगल गए थे और वे जब पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे तभी बाहपानी गांव के करीब वाहन बंजारी घाट में गिर गया।

अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वाहन पहले सड़क से नीचे गिरा और घाटी के निचले हिस्से में बनी सड़क से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को मौके पर भेजा गया तथा बचाव कार्य शुरू किया गया।कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया, "दुर्घटना में 12 महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए।"पल्लव ने बताया, "पुलिस दल ने घायलों को अस्पताल भेजा जहां पांच अन्य महिलाओं की मौत हो गई।"उन्होंने बताया कि तीन महिलाओं समेत अन्य चार घायलों को इलाज के लिए बेहतर सुविधा वाले अस्पतालों में भेजा जा रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com