हिमाचल में बड़ा हादसा! चलती टाटा सूमो पर गिरा पहाड़, 13 लोगों की दर्दनाक मौत, खौफनाक VIDEO आया सामने

Chamba Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के पांगी क्षेत्र में कडू नाला के पास चलती टाटा सूमो पर पहाड़ का हिस्सा गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है।
Chamba Tata Sumo Accident
हिमाचल में चलती टाटा सूमो पर गिरा पहाड़(Image- Social Media)
Updated on

Chamba Tata Sumo Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। किलाड़-उदयपुर सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास चलती टाटा सूमो पर अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा गिर गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनक राज ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और मलबा हटाने का काम जारी है।

अचानक पहाड़ी से गिरी चट्टान

बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब टाटा सूमो किलाड़-उदयपुर मार्ग से गुजर रही थी। अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में चट्टानें और मलबा वाहन पर आ गिरा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

फिलहाल प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है और मृतकों की पहचान के साथ-साथ हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद थी सड़क

जानकारी के मुताबिक, उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पिछले दिन भूस्खलन के कारण बंद था, जिसके चलते वाहन में सवार सभी यात्री तिंदी में रुक गए थे। शुक्रवार को सड़क खुलने के बाद सभी यात्री पांगी की ओर रवाना हुए, लेकिन कडू नाला के पास पहुंचते ही पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर सूमो टैक्सी पर आ गिरा। वाहन पूरी तरह मलबे की चपेट में आ गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबा हटाने और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। पांगी-भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उनके विधानसभा क्षेत्र के निवासी थे।

विधायक ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। घटना के बाद पूरे पांगी क्षेत्र में शोक का माहौल है। लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के चलते पहाड़ी इलाकों में यात्रा को लेकर प्रशासन ने लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com