सामने आए उस हादसे के 2 VIDEO...जिसने बिलासपुर में निगल लीं 20 जिंदगियां, देखकर कांप उठेगा कलेजा

Bilaspur Bus Accident Video: यह हादसा उस वक्त हुआ जब बस बिलासपुर जिले में बरठी के पास से गुजर रही थी तभी मलबा और पत्थर बस की छत आ गिरे। इस घटना में 20 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की भी खबर है।
bilaspur-accident-videos-more-than-20-lives-lost-in-horrific-landslide
बिलासपुर बस हादसे के वीडियो (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Himachal Pradesh Bus Accident Video: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार को हुए एक भयावह हादसे ने हाहाकार मचा दिया है। यहां, बरठी के पास चली हुई बस पर एक पूरी पहाड़ी आ गिरी। मिली जानकारी के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। अब इस घटना के रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो भी सामने आए हैं।

यह हादसा उस वक्त हुआ जब बस बिलासपुर जिले में बरठी के पास से गुजर रही थी तभी मलबा और पत्थर बस की छत आ गिरे। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में 20 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की बात कही गई है। जबकि बिलासपुर एसपी ने 15 मौतों की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में 35 लोग सवार थे। बस पर गिरे मलबे से 3 बच्चों को जिंदा रेस्क्यू किया गया है।

सामने आए दुर्घटना के VIDEO

हिमाचल के बिलासपुर में हुई इस भयावह दुर्घटना के दो वीडियो भी सामने आए हैं। पहले वीडियो में लोग मलबे से लोगों को निकालकर तेजी से एंबुलेंस की तरफ भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा दूसरे वाले वीडियो में जेसीबी से बस के ऊपर गिरे हुए मलबे को हटाया जा रहा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार संतोषी नाम की निजी बस मलबे और पत्थरों के गिरने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय प्रशासन की टीमों को घटनास्थल पर भेज दिया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन भारी मात्रा में मलबा होने के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है।

कब-कहां-कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी, तभी भालू पुल और बरठी के पास एक पूरी पहाड़ी टूटकर बस पर आ गिरी। यह हादसा शाम करीब 6:25 बजे घटित हुआ है। फिलहाल, राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। तेजी से रेस्क्यू किया जा रहा है।

सूबे के सीएम ने लिया संज्ञान

राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और राहत कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। इसके साथ ही सीएम ने हर संभव सहायता का भी आश्वासन दिया है।

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू बिलासपुर जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने घायलों को तुरंत अस्पतालों में पहुंचाने और उनके इलाज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया है। वह लगातार इस दुर्घटना और रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com