बीड़-बिलिंग में हवा में टकराए पैराग्लाइडर, बेल्जियम के पैराग्लाइडर की मौत

इस हादसे में दूसरा पैराग्लाइडर गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल ले जाया गया। घायल पैराग्लाइडर टक्कर के बाद गिरते समय पेड़ों में उलझ गया था।
बीड़-बिलिंग में हवा में टकराए पैराग्लाइडर, बेल्जियम के पैराग्लाइडर की मौत
(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

शिमला : हिमाचल प्रदेश में साहसिक खेल पैराग्लाइडिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां के बीड़-बिलिंग में बेल्जियम के एक पैराग्लाइडर की एक अन्य पैराग्लाइडर से हवा में टक्कर होने से मौत हो गई, जबकि दूसरा पैराग्लाइडर घायल हो गया। इस हादसे में मरने वाले पैराग्लाइडर बेल्जियम के थे जिनकी आयु 60 साल थी। ये फेयरेट्स एक स्वतंत्र उड़ान पैराग्लाइडर थे। यह हादसा ऐसे वक्त में हुआ है जबकि यहां 2 से 9 नवंबर को होने वाले विश्व कप में 50 देशों के 130 पैराग्लाइडर हिस्सा लेने के लिए आने वाले हैं।

स्थानीय पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों पैराग्लाइडर हवा में अलग-अलग उड़ रहे थे। उड़ते-उड़ते दोनों पास आ गए और टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बेल्जियम का पैराग्लाइडर नीचे जंगलों में गिर गया। पुलिस ने बताया कि फेयरेट्स के शव का पता लगा लिया गया हालांकि अब तक उसे जंगल से बरामद नहीं किया गया है।

दूसरे पैराग्लाइडर की हालत स्थिर

इस हादसे में दूसरा पैराग्लाइडर गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल ले जाया गया। उसका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है। घायल पैराग्लाइडर टक्कर के बाद गिरते समय पेड़ों में उलझ गया था जिससे वह घायल हो गया। उसे मामूली चोटें आई हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल पैराग्लाइडर किसी देश का है यह अभी पता नहीं चल सका है।

अक्सर होते रहते हैं हादसे

बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है जब बीड़-बिलिंग घाटी में इस तरह का हादसा सामने आया है। पिछले साल अक्टूबर में भी ऐसा ही हादसा हुआ था जिसमें पोलैंड के पैराग्लाइडर एंड्रेज की बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना के बाद कांगड़ा की पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस ने अधिकारियों को इसे लेकर विशेष निर्देश दिए हैं। इसके तहत पैराग्लाइडरों को रजिस्टर्ड करने, निर्दिष्ट मार्गों का पालन करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि वे मिलिट्री एरिया के ऊपर से उड़ान न भरें।

एक्सीडेंट साइट्स को किया जाएगा मार्क

मनाली में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान (एबीवीआईएमएएस) के निदेशक अविनाश नेगी ने बताया कि इन दुर्घटनाओं के मद्देनजर एक्सीडेंट साइट्स को मार्क करने के लिए ऊंचे पहाड़ों पर विशेष टावर लगाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है। जल्द ही इस पर फैसाल ले लिया जाएगा ताकि ऐसा दुर्घटनाओं को होने से रोका जा सके।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com