

FIR Registered In Gurugram Hit And Run Case: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हिट एंड रन की घटना में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक महिला बाइकर को पीछे से एक कार जोरदार टक्कर मारती है। वीडियो के सामने आने के बाद आरोप लगाया गया कि कार सवार युवकों ने उसका पीछा किया और जानबूझकर बाइक में टक्कर मारी। हालांकि इस मामले में पीड़िता की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
गुरुग्राम पुलिस ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा और इसमें शामिल पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गुरुग्राम के ACP अभिलक्ष जोशी ने कहा कि 14 सितंबर को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को एक वीडियो मिला जिसमें एक चार-पहिया गाड़ी ने पीछे से दो-पहिया गाड़ी चला रही एक महिला को टक्कर मारी। यह घटना गोल्फ़ कोर्स रोड पर हुई। गुरुग्राम पुलिस ने उस महिला से संपर्क किया है और खुद से संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम के सेक्टर 56 पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की है।
पुलिस ने जानकारी दी है कि आरोपी की पहचान के लिए गाड़ी के जरिए जानकारी जुटाई जा रही है। साथ में महिला को भी जांच में शामिल किया जाएगा और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस महिला के वीडियो में लगाए गए आरोपों के बारे में भी जांच करेगी। और उनके दावों के आधार पर कार्रवाई करेगी। पुलिस गुरुग्राम में तेजी से या लापरवाही से गाड़ी चलाने वाली घटना पर नजर रख रही है।
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में इस तरह की कोई घटना हो उस पर कार्रवाई की जाएगी। और बिना किसी औपचारिक शिकायत के भी खुद से संज्ञान लेगी और कानून के मुताबिक कार्रवाई करेगी। एसीपी ने कहा कि लोगों को ऐसी घटनाओं में शामिल नहीं होना चाहिए और न ही इनके बारे में बेबुनियाद अफवाहें फैलानी चाहिए। ऐसा करना कानूनी अपराध है और कार्रवाई की जाएगी।