

Gujarat Breaking News: गुजरात के कच्छ से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पिकअप गाड़ी और बोलेरो की टक्कर में 7 मजदूरों की मौत हो गई है और कई घायल हो गए। यह हादसा खावड़ा गांव के पास हुआ। पिकअप में 30-32 मजदूर मौजदू थे। बोलेरो और पिकअप में जोरदार टक्कर के बाद पिकअप वैन पलट गई और बड़ा हादसा हुआ।
कलेक्टर अनिल रानावसिया ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि कल रात कच्छ जिले के खावड़ा गांव के पास एक हादसा हुआ। इस हादसे में एक पिकअप गाड़ी ट्रक से टकरा गई। इस घटना में लगभग 7 लोगों की मौत हो गई है और घायलों को अस्पताल लाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना की पूरी जांच की जाएगी।
गुजरात में कच्छ के खावड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क के पास पिकअप गाड़ी और बोलेरो की टक्कर पर कच्छ के कलेक्टर अनिल रानावसिया ने कहा, कल रात कच्छ जिले के खावड़ा गांव के पास एक गंभीर हादसा हुआ। एक कंपनी के लगभग 30-32 मजदूरों को ले जा रही पिकअप वैन एक ट्रक से टकरा गई। हादसे के दौरान पिकअप वैन पलट गई, जिससे कई लोग घायल हो गए।
अनिल रानावसिया ने आगे बताया कि अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, करीब सात लोगों की मौत हो गई है। घायलों को भुज के जिला अस्पताल लाया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर जरूरी मेडिकल उपकरणों की मदद से उनका इलाज कर रहे हैं। हादसे की पूरी जांच करने और यह पता लगाने के लिए कि हादसा असल में कैसे और क्यों हुआ, RTO और पुलिसकर्मियों की टीमें भेजी गई हैं।
इस घटना के बाद चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायलों की मदद की। इसके साथ ही, पुलिस को घटना की सूचना दी गई। अधिकारियों ने बताया कि घटना में सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई मजदूर घायल हुए हैं।
पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल के लिए भेजा, जबकि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिकारियों के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए खवाड़ा से भुज भेजा गया है।
वहीं, यह पता चला है कि आरई पार्क इलाके में इस तरह का यह पहला बड़ा हादसा है। फिलहाल, पुलिस ने हादसे की आगे की जांच शुरू कर दी है। इससे पहले, मंगलवार को भावनगर जिले में दो वाहनों की टक्कर में सात लोगों की मौत हुई।
यह हादसा भावनगर-सोमनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ था, जहां किनारे सर्विस रोड पर खड़ी एक ट्रेलर गाड़ी से एसयूवी टकराई। एसयूवी सवार लोग अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड में काम पर जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, एसयूवी भावनगर से अलंग की ओर जा रही थी, तभी वह सर्विस रोड पर खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई। ट्रेलर हाईवे की सर्विस रोड पर त्रापाज गांव के पास खड़ा था, तभी उसके पीछे आ रही बोलेरो उससे टकरा गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) नितेश पांडे ने बताया कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई।