

Gujarat Government IAS Transfers: गुजरात सरकार ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गुजरात सरकार ने प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 72 IAS अधिकारियों के तबादला कर दिया है। साथ ही गुजरात सरकार ने नई नियुक्तियों का आदेश जारी किया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 13 मई को एक अधिसूचना जारी की गई। इस अधिसूचना के अनुसार, इस व्यापक प्रशासनिक बदलाव का असर जिला प्रशासन, शहरी विकास निकायों, नगर निगमों और राज्य सरकार के कई विभागों पर पड़ा। अहमदाबाद, सूरत, जूनागढ़, भरूच, नवसारी, मोरबी, दाहोद और कच्छ समेत कई महत्वपूर्ण जिलों में नए कलेक्टर नियुक्त किए गए। जबकि गांधीनगर और प्रमुख शहरी निकायों में भी सीनियर ऑफिसरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई।
गुजरात सरकार द्वारा किए गए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है। इस अधिसूचना के अनुसार, डीएन मोदी को जामनगर नगर निगम के नगर आयुक्त पद से हटाकर गांधीनगर में विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ ही केएल बचानी के पास मौजूद अतिरिक्त प्रभार समाप्त कर दिया गया। तो वहीं दूसरी ओर, आनंद बाबूलाल पटेल को कच्छ-भुज के कलेक्टर पद से हटाकर स्कूल आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें पीएम-पोषण योजना (मिड-डे मील) आयुक्त और गुजरात काउंसिल ऑफ एजुकेशन रिसर्च एंड ट्रेनिंग के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। यह जिम्मेदारी पहले अतिरिक्त प्रभार के रूप में रचित राज के पास थी।
अहमदाबाद के कलेक्टर सुजीत कुमार का तबादला किया गया और उन्हें राज्य कर विभाग में विशेष आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस पद का अतिरिक्त प्रभार अब तक पी. भारती संभाल रही थीं। इसी तरह अजय प्रकाश को गुजरात ऊर्जा विकास एजेंसी के निदेशक पद से हटाकर ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल विभाग में भेजा गया है। उन्हें वडोदरा स्थित गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया जाएगा।
वहीं अगर सूरत की बात करें, तो सूरत के कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी को गांधीनगर में नागरिक आपूर्ति निदेशक और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में पदेन अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वह मयूर मेहता की जगह इस पद पर स्थान लेंगे। इससे पहले मार्च में राज्य सरकार ने 37 आईपीएस अधिकारियों का भी तबादला किया था। इस दौरान अशोक कुमार यादव को नया आईबी चीफ नियुक्त किया गया था।
(एजेंसी इनपुट के साथ)