आज गुजरात में गृहमंत्री अमित शाह, करेंगे नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड सम्मेलन का उद्घाटन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज यानी मंगलवार 22 अक्टुबर को गुजरात में नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
अमित शाह आज गुजरात में
अमित शाह आज गुजरात में
Published on: 
Updated on: 

अहमदाबाद: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज यानी मंगलवार 22 अक्टुबर को गुजरात में नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। गृह मंत्री शाह अपने दौरे के दौरान आज राज्य विधानसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

तय कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय सहकारिता मंत्री शाह आज मंगलवार सुबह राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की हीरक जयंती समारोह और भारत में सहकारिता आंदोलन के जनक त्रिभुवनदास पटेल की जयंती के अवसर पर आनंद शहर में एक सभा को संबोधित करेंगे।

इस बाबत गांधीनगर से सांसद के कार्यालय ने बीते सोमवार को बताया कि आज मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे गृह मंत्री शाह मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य विधायकों की मौजूदगी में विधानसभा को संबोधित करेंगे। यह विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों के लिए एक दिवसीय “विधान प्रारूपण प्रशिक्षण कार्यशाला” के हिस्से के तौर पर होगा।

इसके बाद गृह मंत्री शाह राज्य की राजधानी में भाजपा की गांधीनगर नगर इकाई के कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि वे शाम चार बजे महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर में “नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड के 14वें राष्ट्रीय सम्मेलन” का उद्घाटन करेंगे।

मिली जानकारी के अनुसार दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में देश भर से 60 से ज़्यादा वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। वहीं शाम करीब साढ़े पांच बजे शाह गांधीनगर स्थित निजी विश्वविद्यालय कादी सर्व विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में नमो लक्ष्मी और नमो सरस्वती योजनाओं के तहत छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरित करेंगे।

इसके अलावा, BJP की अहमदाबाद इकाई ने आज 22 अक्टूबर को शाह के जन्मदिन के अवसर पर एक भोजन वितरण कार्यक्रम और भगवान जगन्नाथ मंदिर में महा-आरती का आयोजन किया है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com