Goa Politics: चुनाव से पहले गोवा में सियासी उठापटक शुरू, मंत्रिमंडल में होगा फेरलबदल? सीएम और प्रदेश अध्यक्ष जाएंगे दिल्ली

गाेवा में विधानसभा चुनाव वैसे तो 2027 में होने वाले है, लेकिन गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और प्रदेश अध्यक्ष दामू नाईक एक बार फिर से दिल्ली जाएंगे। इसके बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई।
गोवा मंत्रिमंडल में फेरबदल एक राजनीतिक फैसला है, इस संबंध में निर्णय पार्टी लेगी: मुख्यमंत्री सावंत
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (साेर्स: एक्स@DrPramodPSawant)
Updated on

पणजी: पिछले कुछ महीनों से गोवा मंत्रिमंडल में फेरबदल समेत कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव की चर्चा चल रही है। कुछ दिन पहले विधानसभा अध्यक्ष रमेश तावड़कर ने यह कहकर चर्चा पुनः शुरू की थी कि मंत्रिमंडल में फेरबदल अगले 15 दिनों में होगा। इसके कुछ दिन बाद मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दामू नाईक ने दिल्ली जाकर केंद्र में वरिष्ठ नेताओं के साथ इस संबंध में गुप्त बैठकें कीं।

चार दिन पहले प्रदेश अध्यक्ष दामू नाईक ने दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं से मुलाकात कर मंत्रिमंडल में फेरबदल पर चर्चा की थी। इसके बाद मंगलवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री डॉ. सावंत और प्रदेश अध्यक्ष नाईक के दिल्ली जाने से मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना बढ़ गई है।

अब इस संदर्भ में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बड़ा बयान दिया है। पिछले दिनों दिल्ली में हुई मीटिंग के बाद आज का सीएम का बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शनिवार को मंत्रिमंडल में फेरबदल की पुष्टि करने से इनकार कर दिया और कहा कि जब भी ऐसा होगा, यह एक राजनीतिक फैसला होगा तथा भाजपा इस संबंध में निर्णय लेगी।

क्या बोले सीएम सावंत?

गाेवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने ‘पीटीआई-भाषा' से बात करते हुए कहा कि मंत्रिमंडल फेरबदल का फैसला एक दिन पहले मीडिया के साथ साझा किया जाएगा ताकि वे लोगों को इसके बारे में सूचित कर सकें।

4 अप्रैल को संभावित फेरबदल की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री प्रमाेद सावंत ने कहा कि इन तारीखों पर भरोसा मत कीजिए। कोई व्यक्ति कोई तारीख बताता है और हर कोई उस पर चर्चा शुरू कर देता है।

उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल एक राजनीतिक फैसला है। हमें इसका विश्लेषण करना होगा कि इससे भाजपा और सरकार को क्या लाभ होगा और अगले चुनाव के परिप्रेक्ष्य में निर्णय लेना होगा।

गोवा विधानसभा का समीकरण

सीएम प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली 12 सदस्यीय कैबिनेट में सहयोगी महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (MGP) से एक मंत्री और बाकी सभी भाजपा से हैं। राज्य में अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में सत्तारूढ़ पक्ष के 33 सदस्य हैं, जिसमें भाजपा के 28 विधायक, एमजीपी के 2 और तीन निर्दलीय शामिल हैं। राज्य में चुनाव 2027 में होने हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com