Goa Night Club Fire: गोवा के नाइट क्लब में सिलिंडर ब्लास्ट, 23 लोगों की मौत, CM पहुंचे

Goa Club Fire: उत्तर गोवा में शनिवार की देर रात एक नाइट क्लब में सिलेंडर ब्लास्ट होने से 23 कर्मचारियों की मौत हो गई। पुलिस प्रमुख ने बताया कि मरने वाले सभी लोग क्लब के कर्मचारी थे।
Cylinder blast in Goa night club
गोवा के नाइट क्लब में सिलिंडर ब्लास्ट। इमेज-सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Night Club Fire In North Goa: उत्तर गोवा के अर्पोरा गांव में शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां एक नाइट क्लब में सिलेंडर ब्लास्ट के कारण भयानक आग लग गई। इसमें 23 लोगों की मौत हो गई। मरने वाले सभी क्लब में काम करने वाले स्टाफ थे।

पुलिस के मुताबिक किचन एरिया में काम करते वक्त अचानक सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। जोरदार धमाके के बाद आग ने देखते ही देखते पूरे नाइट क्लब को अपनी चपेट में ले लिया। आनन-फानन में लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोवा पुलिस प्रमुख आलोक कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

ग्राउंड फ्लोर के किचन एरिया में लगी आग

गोवा डीजीपी आलोक कुमार ने बताया है कि आग आधी रात के आसपास क्लब के ग्राउंड फ्लोर के किचन एरिया में लगी। अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। आग लगने का मुख्य कारण सिलेंडर ब्लास्ट ही माना जा रहा। हालांकि, इसकी पूरी जांच की जा रही है। डीजीपी ने यह भी बताया कि अधिकतर मृतक किचन एरिया में पाए गए। सीढ़ियों पर दो शव बरामद हुए हैं। मृतकों में कोई भी पर्यटक नहीं था।

मुख्यमंत्री सावंत भी मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलने पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और स्थानीय विधायक माइकल लोबो तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। वहीं, घायलों के इलाज की जानकारी ली। विधायक लोबो ने बताया कि आग से कोई पर्यटक प्रभावित नहीं हुआ है। राहत एवं बचाव कार्य में तमाम अधिकारी और पदाधिकारी जुटे हैं। विधायक ने यह भी कहा कि अस्पताल के डॉक्टरों को घायलों की समुचित इलाज और देखरेख का निर्देश दिया गया है।

क्लब में कोई ग्राहक नहीं था

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि आग लगने के समय क्लब में स्टाफ के अलावा कुछ लोग थे। ग्राहक सभी समय पर बाहर निकल गए थे। अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। आग लगने के कारणों की जांच जारी है। अधिकारियों ने क्लब की सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच शुरू कर दी है। क्लब प्रबंधन की गलती पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com