

Zaira Wasim Life Story: आमिर खान की फिल्म दंगल से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाली जायरा वसीम ने अपनी मासूमियत से बॉलीवुड में अपनी जगह बनायी थी। जायरा वसीम उन चुनिंदा कलाकारों में से एक है, जिसने काफी कम उम्र में ही बॉलीवुड में अपना नाम बनाया था।
दंगल से डेब्यू करने वाली जायरा वसीम को ना सिर्फ इस फिल्म के लिए तारीफ मिली थी, बल्कि उन्हें इस फिल्म के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था। जायरा वसीम दंगल के अलावा सीक्रेट सुपरस्टार और द स्काई इज पिंक जैसी फिल्मों में भी काम कर चुकी है। हालांकि कुछ सालों पहले ही उन्होंने धर्म के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए बॉलीवुड छोड़ने का फैसला लिया था।
23 अक्टूबर 2000 को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में जन्मी जायरा वसीम की शुरुआती पढ़ाई कश्मीर में ही हुई थी। जायरा को बचपन से ही एक्टिंग का शौक था। स्कूल में पढ़ाई के बीच में ही उन्हें अपने टैलेंट को दिखाने का मौका मिला और यहीं से उन्होंने एक्टिंग में अपना पहला कदम रखा।
एक मीडिया इंटरव्यू में जायरा ने बताया था कि जब वह आठवीं कक्षा में थीं, तब उन्होंने स्कूल के एक नाटक में हिस्सा लिया था। इसी दौरान उनके प्रिंसिपल को भी एहसास हुआ कि वह अच्छी एक्टिंग कर सकती हैं। बाद में जब कश्मीर में एक कास्टिंग डायरेक्टर आए, तो उनके प्रिंसिपल ने जायरा का नाम सुझाया। जिसके बाद उन्होंने कई ऐड्स में काम किया। उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के मोबाइल फोन और टाटा स्काई जैसे ब्रांड के विज्ञापनों में भी काम किया।
जायरा वसीम के करियर में असली मोड़ तो साल 2016 में आया, जब उन्हें उन्हें आमिर खान प्रोडक्शन की फिल्म दंगल में एक्टिंग करने का मौका मिला। यह फिल्म पहलवान महावीर सिंह फोगाट और उनकी बेटियों के जीवन से प्रेरित थी। फिल्म में जायरा ने युवा गीता फोगाट की भूमिका निभाई थी। उन्होंने अपने किरदार को जिस सहजता और मेहनत के साथ पर्दे पर उतारा, उसने उन्हें कम उम्र में ही लोकप्रिय बना दिया।
फिल्म की सफलता के साथ जायरा भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो गईं। साल 2017 में उन्हें दंगल में अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। कम उम्र में यह सम्मान हासिल करना उनके करियर की अहम उपलब्धि रही।
दंगल के बाद जायरा साल 2017 में सीक्रेट सुपरस्टार में नजर आयीं। इसमें उन्होंने इंशिया नाम की ऐसी लड़की का किरदार निभाया, जो गायिका बनना चाहती है, लेकिन पारिवारिक बंदिशों के कारण अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष करती है। फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया।
साल 2019 में जायरा ने प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर के साथ द स्काई इज पिंक में काम किया। इस फिल्म में उन्होंने आयशा चौधरी की भूमिका निभाई। यह उनके करियर की प्रमुख फिल्मों में से एक रही।
साल 2019 में जायरा वसीम ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा कर एक्टिंग की दुनिया से दूर होने का ऐलान किया। उन्होंने अपने फैसले के पीछे धार्मिक विश्वासों का हवाला दिया। जायरा ने लिखा था कि उन्हें महसूस हो रहा था कि एक्टिंग की दुनिया में उनका काम उनके धर्म और ईमान के साथ उनके रिश्ते को प्रभावित कर रहा है। उनके इस फैसले पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने उनके निर्णय का समर्थन किया, जबकि कुछ ने सवाल उठाए। हालांकि, जायरा ने फिल्मों से दूरी बनाने का फैसला कायम रखा।